वाराणसी (ईएमएस)। पूर्वोत्तर रेलवे का वाराणसी मंडल अपने यात्रियों की सुविधाओं, आवश्यकताओं एवं अपेक्षाओं के प्रति संवेदनशील है तथा बेहतर व सुविधाजनक रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी क्रम में यात्रियों की बढ़ती संख्या को गंभीरता से लेते हुए मंडल रेलवे प्रशासन द्वारा त्वरित एवं सकारात्मक पहल करते हुए सोमवार 16 फ़रवरी,2026 से इन मेमू ट्रेनों में कोचों की संख्या 08 से बढ़ाकर 12 कर दिया है। कोच वृद्धि का औपचारिक शुभारम्भ गाड़ी सं-65132 प्रयागराज रामबाग-मऊ मेमू के लोको पायलट जितेन्द्र सिंह एवं सहायक लोको पायलट बिजेंद्र कुमार को प्रयागराज रामबाग से रवना होते समय सीनियर सेक्शन इंजीनियर/ट्रेन सेट डिपो/औडिहार राजेश कुमार वर्मा द्वारा पुष्प माला पहनकर किया । यह कार्य पूर्ण रूप से जनहित एवं यात्री जनता की सुख-सुविधा को ध्यान में रखकर किया गया है। विगत दिनों में मेमू ट्रेन सं 65131/65132 (मऊ-प्रयागराज रामबाग-मऊ) एवं 65134/65133 (मऊ-दोहरीघाट-मऊ) में कोचों की सीमित उपलब्धता एवं यात्री संख्या में वृद्धि के कारण यात्रियों को यात्रा के दौरान काफी भीड़भाड़ का सामना करना पड़ रहा था। विशेष रूप से कार्यालय के समय एवं दैनिक आवागमन के दौरान यात्रियों को बैठने के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध नहीं हो पाता था। इसका संज्ञान लेते हुए रेलवे प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम यात्रा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कोचों की संख्या में वृद्धि की है। कोचों की संख्या में उक्त वृद्धि के फलस्वरूप यात्रियों की बैठने एवं खड़े होकर यात्रा करने की क्षमता में लगभग 1.5 गुना की वृद्धि हो गई है, जिससे इन ट्रेनों में बैठने के लिए 614 सीटों से बढ़कर 921 सीटें तथा खड़े होकर यात्रा करने के लिए 1.5 गुना अधिक स्थान उपलब्ध हो गया है । इस प्रकार एक समय में लगभग 2500 यात्री उक्त मेमू ट्रेनों से सुगमता एवं सुरक्षित रूप से अपनी यात्रा कर सकेंगे। कोचों की संख्या में यह वृद्धि निश्चित रूप से इस क्षेत्र के दैनिक यात्रियों को बड़ी राहत प्रदान करेगी तथा उनकी यात्रा को और अधिक आरामदायक,सुगम एवं सुरक्षित बनाएगा। डॉ नरसिंह राम, 17 फरवरी, 2026