मुंबई,(ईएमएस)। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों तीन दिवसीय भारत दौरे पर हैं। मंगलवार को मुंबई प्रवास के दौरान उन्होंने कला और संस्कृति जगत की प्रमुख हस्तियों से मुलाकात की। इससे पहले उन्होंने लोकभवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी भेंट की। मुंबई में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में बॉलीवुड और सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े कई दिग्गज शामिल हुए। इस मुलाकात में अभिनेता अनिल कपूर ने भी हिस्सा लिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर बताया कि राष्ट्रपति मैक्रों और उनकी पत्नी ब्रिगिट मैक्रों के साथ सिनेमा, संस्कृति और भारत-फ्रांस संबंधों पर सार्थक चर्चा हुई। अनिल कपूर ने इसे प्रेरणादायक दोपहर बताते हुए दोनों देशों के मजबूत रिश्तों की कामना की। बैठक में अभिनेत्री शबाना आज़मी, अभिनेता मनोज बाजपेयी, फिल्म निर्माता जोया अख्तर, अभिनेत्री ऋचा चड्ढा और ग्रैमी पुरस्कार विजेता संगीतकार रिकी केज भी मौजूद रहे। इस संवाद का उद्देश्य भारत और फ्रांस के बीच सांस्कृतिक सहयोग को बढ़ावा देना और फिल्म, संगीत व रचनात्मक उद्योगों में साझेदारी को मजबूत करना था। मैक्रों की इस मुलाकात को भारत-फ्रांस सांस्कृतिक संबंधों के लिए अहम कदम माना जा रहा है। दोनों देशों के बीच कला, सिनेमा और रचनात्मक आदान-प्रदान को नई दिशा देने पर जोर दिया गया। यह कार्यक्रम सांस्कृतिक कूटनीति के माध्यम से द्विपक्षीय रिश्तों को और प्रगाढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है। आशीष दुबे / 17 फरवरी 2026