टोरंटो (ईएमएस)। अगर आप घूमने-फिरने के शौकीन हैं और कुछ ऐसा देखना चाहते हैं जो आपने अपनी पूरी जिंदगी में कभी न देखा हो, तब कनाडा के नार्सिस स्नेक डेंस पहुंचे। आपने कभी ऐसी जगह के बारे में सुना है जहां जमीन पर हर तरफ सांप ही सांप रेंगते दिखाते हैं? कनाडा के इस छोटे से इलाके में हर साल एक ऐसा जादुई और थोड़ा हैरतअंगेज नजारा दिखता है, इस नजारे को देखने दुनिया भर के एडवेंचर प्रेमी और वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर्स अपनी जान हथेली पर रखकर पहुंचते हैं। सांपों की रहस्यमयी दुनिया का यह अनुभव आपको हैरान कर देगा, जहां एक ही जगह पर करीब 1 लाख सांपों का डेरा होता है। कनाडा के मैनिटोबा में स्थित नार्सिस स्नेक डेंस को दुनिया का सबसे बड़ा सांपों का घर माना जाता है। यहां लाल-किनारे वाले गार्टर सांप रहते हैं। वसंत का मौसम (अप्रैल के आखिर से मई की शुरुआत) आते ही ये सांप जमीन के नीचे बनी अपनी गहरी चूना पत्थर की गुफाओं से बाहर निकल आते है। इस दौरान नजारा ऐसा होता है कि आपको घास के मैदान में जमीन कम और सांप ज्यादा नजर आएंगे। सांपों का यह जमावड़ा इतना विशाल होता है कि यह देखने के लिए बाकायदा टूरिस्ट प्लेटफॉर्म बनाए गए हैं, जहां से आप सुरक्षित खड़े होकर इस अद्भुत दृश्य का लुत्फ उठा सकते हैं। एक समय ऐसा भी था जब इस पर्यटन स्थल पर सांपों की जान खतरे में थी। इन सांपों को अपनी गुफाओं से निकलकर पास के दलदल तक जाने के लिए हाईवे 17 पार करना पड़ता था, जहां हर साल हजारों सांप गाड़ियों के नीचे कुचल जाते थे। लेकिन वाइल्डलाइफ प्रेमियों और प्रशासन ने मिलकर एक अनोखा रास्ता निकाला। उन्होंने हाईवे के नीचे खास स्नेक टनल (सांपों के लिए सुरंगें) बनवाईं। अब ये सांप बिना किसी डर के सड़क के नीचे से सुरक्षित पार सकते हैं। सैलानियों के लिए यह देखना वाकई दिलचस्प होता है कि कैसे इंसानों की एक छोटी सी कोशिश ने इस पूरी प्रजाति को बचाया। फोटोग्राफर्स के लिए यह किसी जन्नत से कम नहीं है। सबसे अच्छी बात यह है कि ये गार्टर सांप जहरीले नहीं होते, इसलिए यहां का अनुभव डरावना होने के साथ-साथ काफी रोमांचक भी होता है। सितंबर के महीने में ये सांप वापस अपनी गुफाओं की ओर लौटने लगते हैं, जो अपने आप में एक अलग तरह का अनुभव है। आशीष/ईएमएस 18 फरवरी 2026