कांकेर(ईएमएस)। जिले में 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं को लेकर गोपनीय प्रश्नपत्रों का वितरण कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू कर दिया गया है। पहले चरण में 69 परीक्षा केंद्रों को प्रश्नपत्र और गोपनीय सामग्री वितरित की गई, जबकि शेष 59 केंद्रों को 17 फरवरी को सामग्री दी गई। वितरण के बाद सभी दलों को पुलिस सुरक्षा के बीच बसों से संबंधित केंद्रों के लिए रवाना किया गया। परीक्षाएं सुबह 9 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित होंगी। 12वीं कक्षा की परीक्षा 20 फरवरी से शुरू होकर 18 मार्च तक चलेगी, जिसमें पहला प्रश्नपत्र भूगोल और भौतिक शास्त्र का होगा। वहीं 10वीं की परीक्षा 21 फरवरी से प्रारंभ होकर 13 मार्च तक चलेगी, जिसका पहला पेपर हिंदी भाषा का रहेगा। जिला मुख्यालय स्थित शासकीय कन्या हायर सेकंडरी स्कूल में दो दिवसीय प्रश्नपत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिले में कुल 128 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। पहले दिन कांकेर सहित अंतागढ़, कोयलीबेड़ा और दुर्गूकोंदल ब्लॉकों के 69 केंद्रों को सामग्री दी गई, जबकि दूसरे दिन चारामा, भानुप्रतापपुर और नरहरपुर ब्लॉक के 59 केंद्रों के लिए प्रश्नपत्र वितरित किए गए। प्रत्येक बस में छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल से आए पथ-प्रदर्शक और सुरक्षा गार्ड तैनात रहे। सभी प्रश्नपत्र संबंधित निकटवर्ती थानों में सुरक्षित रखे जाएंगे और परीक्षा के दिन ही वहां से केंद्रों तक पहुंचाए जाएंगे। बस रवाना होने से पहले शिक्षकों ने प्रश्नपत्र व गोपनीय सामग्री का मिलान कर पेटियों को सीलबंद किया। इस वर्ष जिले में 10वीं के 9082 और 12वीं के 7938 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। प्रश्नपत्र वितरण की निगरानी के लिए मंडल से उपसचिव अशोक बोरकर मौजूद रहे, जबकि सहायक संचालक प्रकाश कुमार सेन सहित अन्य कर्मचारी वितरण कार्य में लगे रहे। दूरस्थ क्षेत्र मंडागांव परीक्षा केंद्र को प्राथमिकता देते हुए सबसे पहले वहां प्रश्नपत्र भेजे गए। यह केंद्र नारायणपुर सीमा के अंदरूनी इलाके में स्थित है और प्रश्नपत्र एड़का थाना में सुरक्षित रखे जाते हैं। ईएमएस(राकेश गुप्ता)18 फरवरी 2026