क्षेत्रीय
18-Feb-2026
...


गुना (ईएमएस)। दानवीरता और सेवा भाव की एक अनुपम मिसाल पेश करते हुए गुना के सुप्रसिद्ध समाजसेवी एडवोकेट वीरेंद्र सिंह सिसोदिया ने अपनी बेशकीमती भूमि सेवा भारती को दान कर दी है। शहर के प्राइम लोकेशन पर स्थित लगभग 9000 वर्ग फीट जमीन के दस्तावेज सेवा भारती संस्था को सौंपे। बाजार मूल्य के अनुसार इस भूमि की कीमत लगभग 2 करोड़ रुपये आंकी जा रही है। संघ कार्यालय के पीछे स्थित है भूमि एडवोकेट वीरेंद्र सिंह सिसोदिया द्वारा दान की गई यह भूमि नगरपालिका वार्ड क्रमांक 4 के अंतर्गत प्रताप छात्रावास रोड से अंदर, संघ कार्यालय के ठीक पीछे स्थित है। शपथ-पत्र के अनुसार, सर्वे क्रमांक 93/1 की कुल 0.084 हेक्टेयर (लगभग 9000 वर्ग फीट) भूमि अब सेवा भारती के सेवा प्रकल्पों के लिए उपयोग की जाएगी। श्री सिसोदिया ने शपथ-पूर्वक कथन किया कि यह भूमि पूरी तरह विवाद रहित है और वह इसे स्वेच्छा से सनातनी और सामाजिक कार्यों के उत्थान हेतु समर्पित कर रहे हैं। प्रमुख पदाधिकारियों ने किया सम्मान इस ऐतिहासिक दान के अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और सेवा भारती के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। विभाग प्रचारक नितिन अग्रवाल, जिला संघ चालक गिरिराज अग्रवाल और जिला कार्यवाह मनोज भदोरिया ने श्री सिसोदिया के इस कदम की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी बताया। सेवा भारती के जिला अध्यक्ष डॉ. रामवीर सिंह और सचिव मनोज रघुवंशी ने कहा कि इस भूमि पर आने वाले समय में सेवा के बड़े प्रकल्प संचालित किए जाएंगे, जिससे निर्धन और जरूरतमंद तबके को सीधा लाभ मिलेगा। इस अवसर पर एडवोकेट दीपक रजक, एडवोकेट के. रघुवंशी और विभाग समन्वयक प्रमोद यादव सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने वीरेंद्र सिंह सिसोदिया का पुष्पहारों से स्वागत कर उनके प्रति साधुवाद प्रकट किया। समाजसेवी श्री सिसोदिया की इस पहल की पूरे शहर में प्रशंसा हो रही है, क्योंकि निजी स्वार्थ के युग में इतनी कीमती संपत्ति लोक कल्याण के लिए देना एक विरला उदाहरण है।- सीताराम नाटानी