क्षेत्रीय
18-Feb-2026
...


ब्यावरा, ईएमएस l जिले के सुठालिया नगर परिषद का अतिरिक्त प्रभार अब ब्यावरा नगर पालिका परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) इकरार अहमद को सौंपा गया है। कलेक्टर गिरीश कुमार मिश्रा ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। इकरार अहमद अब दोनों निकायों के सीएमओ की जिम्मेदारी एक साथ संभालेंगे। यह निर्णय सुठालिया नगर परिषद में प्रभारी सीएमओ रईस खान के सेवानिवृत्त होने के बाद लिया गया है। उनकी सेवानिवृत्ति के बाद, निकाय की जिम्मेदारी अस्थायी रूप से सहायक राजस्व निरीक्षक देवनारायण यादव को सौंपी गई थी। प्रशासनिक कार्यों की सुचारू व्यवस्था और निकाय के नियमित संचालन को सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर ने यह कदम उठाया है। बुधवार को जारी कलेक्टर के आदेश के अनुसार, इकरार अहमद अपने मूल पद ब्यावरा नगर पालिका परिषद के सीएमओ के साथ-साथ आगामी आदेश तक सुठालिया नगर परिषद के सीएमओ का अतिरिक्त प्रभार संभालते रहेंगे। इस प्रशासनिक बदलाव को नगरीय प्रशासन में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे सुठालिया नगर परिषद में लंबित कार्यों को गति मिलने और प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक मजबूती मिलने की उम्मीद है।-निखिल/ब्यावरा/18/2/2026