क्षेत्रीय
18-Feb-2026
...


कांकेर(ईएमएस)। जिले के रोफरा ग्राम खमढोड़गी में विश्व स्तरीय पक्षी संरक्षण अभियान द ग्रेट बैकयार्ड बर्ड काउंट 2026 के तहत एक दिवसीय पक्षी गणना एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य क्षेत्र में पाई जाने वाली पक्षी प्रजातियों की पहचान व गणना करना तथा ग्रामीणों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। सामुदायिक वन संसाधन प्रबंधन समिति और पर्यावरण मित्र सेना के सदस्यों ने गांव तथा आसपास के वन क्षेत्रों में विभिन्न पक्षियों का सर्वेक्षण किया। इस दौरान ग्रामीणों को पक्षियों के जीवन-चक्र, उनके प्राकृतिक व्यवहार और पारिस्थितिकी तंत्र में उनकी भूमिका की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि जैव विविधता बनाए रखने में पक्षियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। कार्यक्रम में जिला प्रशासन के प्रतिनिधि विकास गुप्ता और धीरज कटारिया, वन विभाग कांकेर परिक्षेत्र से चेतन राव पवार, केबीकेएस से हरि कुंजाम, अनुराग उरेती, नाग नागु, सचिन आत्राम तथा प्रकृति विज्ञान यात्रा से स्वर्णा बोरकर और बृजलाल मंडावी सहित अनेक पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे। पक्षी गणना के बाद आयोजित ग्राम सभा में पर्यावरण संतुलन, वनाग्नि प्रबंधन, पर्यटन विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि प्रकृति का संतुलन बनाए रखने में प्रत्येक जीव की भूमिका महत्वपूर्ण है और संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के अंत में सभी ने पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास करने और भविष्य में ऐसे जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने का संकल्प लिया। ईएमएस(राकेश गुप्ता)18 फरवरी 2026