हमलावर टैक्टिकल जैकेट और दस्ताने पहनकर पूरी तैयारी से आया था वॉशिंगटन,(ईएमएस)। वॉशिंगटन में मंगलवार को संसद भवन पर हमले की साजिश वक्त रहते नाकाम कर दी गई। अमेरिकी संसद भवन के पास से 18 साल का एक युवक को गिरफ्तार किया गया है, जो लोडेड शॉटगन लेकर यूएस कैपिटल की ओर दौड़ रहा था। वक्त रहते कैपिटल पुलिस के अधिकारियों ने उसे घेर लिया और अपनी गिरफ्त में ले लिया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक हमलावर यहां पूरी तैयारी के साथ आया था। उसने टैक्टिकल जैकेट और दस्ताने पहने थे। पुलिस ने उसे हथियार नीचे रखने का आदेश दिया, जिस पर उसने शॉटगन जमीन पर रख दी और खुद लेट गया। इसके बाद अधिकारियों ने उसे कैपिटॉल की वेस्ट फ्रंट पर हिरासत में ले लिया। कैपिटॉल पुलिस प्रमुख माइकल सुलिवन ने स्वीकार किया कि अगर यहां अधिकारी मौजूद नहीं होते तो क्या हो सकता था, कोई नहीं जानता। कैपिटॉल पुलिस के मुखिया ने ये भी बताया कि हाल ही में इसी जगह सक्रिय हमलावर से निपटने की मॉक ड्रिल भी की गई थी। उन्होंने जानकारी दी कि हमलावर के पास पूरी तैयारी थी। गिरफ्तारी के समय युवक के पास अतिरिक्त गोलियां भी थीं। पुलिस ने उसकी सफेद मर्सिडीज एसयूवी की तलाशी ली, जो इमारत के पास खड़ी थी। वाहन से एक केव्लर हेलमेट और गैस मास्क भी बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक आरोपी वॉशिंगटन डीसी का रहने वाला नहीं है और पहले से कानून प्रवर्तन एजेंसियों के रिकॉर्ड में भी नहीं था। अभी तक उसके इरादों या मकसद के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है और जांच जारी है। यह घटना ऐसे समय हुई है जब सांसद अवकाश पर हैं, हालांकि कांग्रेस स्टाफ कैपिटल हिल पर काम कर रहा है। अगले सप्ताह 24 फरवरी को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को यहीं स्टेट ऑफ द यूनियन संबोधन देना है, जिसके चलते सुरक्षा पहले से ही कड़ी कर दी गई है। पिछले कुछ सालों में सांसदों और उनके कर्मचारियों के खिलाफ धमकियों में बढ़ोतरी हुई है। हाल ही में जारी एक रिपोर्ट के मुताबिक 2025 में कांग्रेस से जुड़ी धमकियां लगातार तीसरे साल बढ़कर इस वक्त सबसे ज्यादा हो चुकी हैं, ऐसे में सुरक्षा का स्तर भी बढ़ाया जा रहा है। सिराज/ईएमएस 18फरवरी26 -----------------------------------