राज्य
18-Feb-2026


लगभग दो लाख 48 हजार का मतदाता सूची से नहीं हुआ मिलान : अंतिम सूची 26 को होगी जारी जबलपुर (ईएमएस)। पिछले तीन माह मतदाताओं के नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया के दौरान लगभग 2100 बीएलओ, जबलपुर जिले की आठ विधानसभा के करीब 19 लाख 25 हजार 472 मतदाताओं के घरों तक पहुंचे। जो मिले उनसे मतदाता का फार्म भरवाया गया और इनकी मैपिंग भी की गई। इस बड़े और महत्वपूर्ण अभियान में जिले से लगभग दो लाख मतदाताओं के नाम, मतदाता सूची से जहां कट गए हैं, वहीं लगभग एक लाख 70 हजार नए मतदाता जोडे जा रहे हैं। उक्त प्रक्रिया के दौरान इन्होंने फार्म छह भरकर नए मतदाता परिचय पत्र बनवाने के लिए आवेदन किया है। इधर जिले की आठों विधानसभा सीटों में कुल 17 लाख 26 हजार 622 मतदाता दर्ज किए गए हैं, जिनमें आठ लाख 81 हजार 193 पुरुष और आठ लाख 45 हजार 363 महिलाएं हैं। वहीं थर्ड जेंडर 66 मिले। अब इन नामों को अंतिम मतदाता सूची में दर्ज कर 26 फरवरी तक जारी किया जाएगा। गौरतलब हो कि जिले में बीएलओ को 19 लाख 25 हजार मतदाताओं के घर तक पहुंचना था। इन्होंने जब सर्वे शुरू किया तो मतदाता सूची में दर्ज कई ऐसे नाम भी सामने आए, जिनकी मौत हो चुकी है, लेकिन मतदाता सूची से इनका नाम नहीं हटाया गया है। इनमें करीब 51 हजार 357 लोग थे। वहीं एक लाख 15 हजार 437 लोग ऐसे मिले, जिन्होंने जबलपुर छोड़ दिया। इसके अलावा शादी, अन्य वजह से जिन मतदाताओं की पहचान नहीं हो सकी, उनकी संख्या करीब 66 हजार 678 रही। इन सभी को मिलाने पर लगभग दो लाख 48 हजार ऐसे मतदाता थे, जिनका मतदाता सूची से मिलान नहीं हो सका। इनमें सबसे ज्यादा पूर्व विधानसभा में थे, जिनकी संख्या करीब 49 हजार 215 थी, वहीं सिहोरा में सबसे कम करीब 17 हजार 992 मतदाता का रिकार्ड नहीं मिला। एसआइआर के बाद सामने आए मतदाताओं के आंकड़ों में विधानसभा पनागर में सर्वाधिक 2 लाख 53 हजार 314 मतदाता दर्ज किए गए हैं, जबकि पाटन में 2 लाख 45 हजार 674 , बरगी में 2 लाख 31 हजार 696, सिहोरा में 2 लाख 19 हजार 179 मतदाता दर्ज हैं। जिले मे अलावा जबलपुर शहर के विधानसभा क्षेत्रों में जबलपुर पूर्व में 2 लाख 9 हजार 782, पश्चिम में 2 लाख 5 हजार 252 तथा उत्तर में 2 लाख 1 हजार 514 तथा जबलपुर कैंट में सबसे कम 1 लाख 60 हजार 211 मतदाता मतदाता शामिल हैं। सबसे ज्यादा थर्ड जेंडर जबलपुर पूर्व में 17, फिर बरगी में 14 और पाटन में तीन, उत्तर में आठ, कैंट में सात, पश्चिम में आठ, पनागर में एक और सिहोरा में आठ मिले। एसजे/ 18 फरवरी /2026