18-Feb-2026
...


- सप्ताहभर में दूसरी घटना : आरोपी फरार जबलपुर (ईएमएस)। हाल ही में जबलपुर के भिटौनी रेल्वे स्टेशन के समीप चलती ट्रेन में अवैध वेंडर द्वारा यात्री पर चाकू से हमले की घटना के बाद अब सोमवार को मुंबई-हावड़ा मेल (12322 डाउन) में एक और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। ट्रेन के जनरल कोच में एक किन्नर ने यात्री पर ब्लेड से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। लगातार हुई इन घटनाओं से ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल खडे हो रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार को हावड़ा मेल जब इटारसी से पिपरिया के बीच पहुंची कि इसी बीच ट्रेन के जनरल कोच में किसी बात को लेकर एक किन्नर और यात्री के बीच विवाद हो गया। कुछ ही देर में विवाद बढते किन्नर ने अपने पास रखी ब्लेड से यात्री पर हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी किन्नर पिपरिया स्टेशन आते ही ट्रेन से उतरकर भाग निकला। घायल यात्री ने ट्रेन के जबलपुर स्टेशन पहुँचने पर अपनी आपबीती सुनाई, जिसके बाद उसे तत्काल उसे चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई गई तथा प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश आरंभ कर दी गई है। लगातार हो रही इन घटनाओं से रेल यात्रियों में दहशत का माहौल है। यात्रियों का कहना है कि चलती ट्रेनों में अवैध वेंडरों और किन्नरों द्वारा किए जा रहे हमलों के कारण अब सफर करना असुरक्षित होता जा रहा है।रविवार को हुई चाकूबाजी और सोमवार को किन्नर द्वारा किए गए इस हमले ने सुरक्षा व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है। फिलहाल, जीआरपी ने मामला दर्ज कर लिया है और दोनों घटनाओं के आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। .../ 18 फरवरी /2026