क्षेत्रीय
19-Feb-2026
...


फिरोजाबाद(ईएमएस) थाना मटसैना क्षेत्र के आकलाबाद हसनपुर गांव में बुधवार शाम गैस सिलेंडर के पाइप में अचानक आग लगने से आधा दर्जन लोग झुलस गए। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। सभी घायलों को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। बताया जाता है कि चांदनी (25) और दीप्ती (12) घर में गैस सिलेंडर पर खाना बना रही थीं। तभी अचानक सिलेंडर के पाइप में आग लग गई। आग लगते ही घर में अफरा-तफरी मच गई। पास खड़े एक बच्चे ने पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक कई लोग झुलस चुके थे। हादसे में गणेश (5), दीप्ती (12), रेनू देवी (45) और चांदनी (25) गंभीर रूप से झुलस गए। वहीं पड़ोस में रिश्तेदारी में आई भावना (16) और अक्कू (18) भी आग की चपेट में आकर घायल हो गए। घटना के बाद परिजन घायलों को आनन-फानन में ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने सभी का प्राथमिक उपचार शुरू कर दिया है। ईएमएस