इन्दौर (ईएमएस) देश के सबसे स्वच्छ शहर इन्दौर में इन दिनों साइबर ठगोंरो के हौसले बुलंद हैं। ताज़ा मामले में इन साइबर ठगोरो ने इंदौर नगर निगम के आयुक्त क्षितिज सिंघल की फोटो का इस्तेमाल कर अधिकारियों को ठगने का प्रयास किया है। ज्ञात हो कि इन शातिर ठगोरो ने इसके पहले भोपाल निगमायुक्त की पहचान चोरी को भी अपनी ठगी का जरिया बनाने का प्रयास किया था क्या है पूरा मामला - प्राप्त जानकारी अनुसार, साइबर ठगोरो ने निगमायुक्त क्षितिज सिंघल के नाम और उनकी तस्वीर का उपयोग करते हुए एक फर्जी व्हाट्सएप प्रोफाइल बनाई। इस प्रोफाइल के माध्यम से नगर निगम के विभिन्न अधिकारियों और इंजीनियरों को मैसेज भेजे गए। इन संदेशों में खुद को निगमायुक्त बताते हुए किसी अर्जेंट काम या वित्तीय मदद की बात कही गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए निगमायुक्त क्षितिज सिंघल ने तुरंत स्पष्टीकरण जारी किया है। उन्होंने कहा कि: • उनके नाम से भेजे जा रहे ये संदेश पूरी तरह फर्जी हैं। • साइबर ठग अधिकारियों को झांसे में लेने की कोशिश कर रहे हैं। • निगम के सभी कर्मचारियों और आम जनता को ऐसे किसी भी संदिग्ध मैसेज या कॉल से सावधान रहने की जरूरत है। निगम प्रशासन ने इस डिजिटल धोखाधड़ी की रिपोर्ट इंदौर पुलिस के साइबर सेल में दर्ज कराई है। पुलिस अब उन नंबरों और आईपी एड्रेस की जांच कर रही है जिनके जरिए ये मैसेज भेजे जा रहे थे। वहीं इंदौर नगर निगम ने अपील की है कि यदि किसी को भी वरिष्ठ अधिकारियों के नाम से ऐसे संदेश प्राप्त होते हैं, तो तुरंत इसकी सूचना दें और बिना आधिकारिक पुष्टि के कोई भी लेन-देन न करें। ज्ञात हो कि इसके पहले भोपाल नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन के नाम और फोटो का इस्तेमाल कर इंटरनेट मीडिया पर फर्जी अकाउंट बनाकर ठगी का प्रयास सामने आया था। इस फर्जी अकाउंट से सहायक यंत्री विजय गोयल को संदेश भेजे गए, जिसे उन्होंने समय रहते पहचान लिया और तुरंत अकाउंट ब्लॉक कर निगम आयुक्त को इसकी सूचना दी थी। अब इन साइबर ठगोरो की नजर में इन्दौर निगमायुक्त आ गये है। आनंद पुरोहित/ 18 फरवरी 2026