- हजारों का सामान स्वाहा कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिला दर्री के प्रेमनगर चौराहे पर हुई आगजनी की एक घटना अंतर्गत दुबे बेल्ट एंड गारमेंट्स दुकान स्वाहा हो गई। यह सब इतनी जल्द हुआ कि न तो दमकल पहुंच सकी और न ही उसे काम करने का मौका मिल सका। दुकान संचालक को इस घटना में हजारों का नुकसान हुआ है और उसके सामने आजीविका की चुनौती खड़ी हो गई है। जानकारी के अनुसार प्रेमनगर मार्केट के पास यह घटना घटित हुई। बताया गया कि यहां पर लाइन से अलग-अलग तरह की दुकानें संचालित हैं। सीमांत पूंजी वर्ग के द्वारा ऐसे कार्यों को किया जा रहा है। इसके जरिए परिवारों का भरण-पोषण संभव होता है। घटना के दौरान एक वेल्डिंग दुकान में काम चल रहा था। अगल-बगल की दुकानें खुली नहीं थी। वेल्डिंग दुकान से निकली चिंगारी ने इसके ठीक बगल की दुकान को अपने संपर्क में लिया और इसके साथ ही वहां आग लग गई। मौके पर चमड़े के बेल्ट, परफ्यूम और गारमेंट्स के अलावा अन्य सामान थे। आग ने तुरंत अपना असर दिखाया और पूरी दुकान को ही कुछ ही देर में साफ कर दिया। आसपास के लोग हरकत में आए और उन्होंने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की लेकिन कोई असर नहीं हुआ। हालांकि घटना की सूचना दमकल को भी दी गई लेकिन उसके यहां पहुंचने और सक्रियता दिखाने से पहले कहानी खत्म हो गई थी। घटना की जानकारी होने पर दुकान संचालक भी पहुंचा। पुलिस ने आगजनी की घटना और इसके तथ्यों के आधार पर कार्यवाही करने की बात कही है। 19 फरवरी / मित्तल