- सेंसेक्स हल्की बढ़त के साथ 83,704 पर, निफ्टी 25,873 के स्तर पर मुंबई (ईएमएस)। एशियाई बाजारों में मजबूती के संकेतों के बीच गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार बढ़त के साथ खुले, हालांकि शुरुआती उत्साह ज्यादा देर तक कायम नहीं रह सका। तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 83,979 अंक पर मजबूत शुरुआत के साथ खुला, लेकिन कुछ ही देर में बढ़त सीमित हो गई। सुबह शुरुआत के बाद सेंसेक्स 30.02 अंक की हल्की बढ़त के साथ 83,704.23 पर कारोबार कर रहा था। इसी तरह निफ्टी 50 ने भी 25,873 के स्तर पर मजबूती के साथ कारोबार की शुरुआत की, परंतु जल्द ही यह सपाट हो गया। सुबह शुरुआत के बाद निफ्टी 5.30 अंक की मामूली गिरावट के साथ 25,814.05 पर ट्रेड कर रहा था। वहीं पिछले दिन बुधवार को 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 283.29 अंक उछलकर 83,734.25 अंक पर बंद हुआ था, जबकि 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 93.95 अंक की बढ़त के साथ 25,819.35 पर बंद हुआ था।बाजार को सबसे अधिक समर्थन आईटी शेयरों से मिला। अमेरिका की टेक्नोलॉजी कंपनियों में आई तेजी का सकारात्मक असर घरेलू आईटी कंपनियों पर भी देखने को मिला, जिससे निवेशकों का रुझान इस सेक्टर की ओर बढ़ा। आईटी दिग्गजों में खरीदारी से बाजार को शुरुआती मजबूती मिली। हालांकि, कुछ बड़े हैवीवेट शेयरों में कमजोरी ने बाजार की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। रिलायंस इंडस्ट्रीज और आईसीआईसीआई बैंक जैसे प्रमुख शेयरों में गिरावट से सूचकांकों पर दबाव बना रहा। इन शेयरों का इंडेक्स में अधिक वेटेज होने के कारण बाजार की बढ़त सीमित हो गई। सतीश मोरे/19फरवरी ---