व्यापार
19-Feb-2026
...


सेंसेक्स 1,236, निफ्टी 365 अंक गिरा निवेशकों को 53 लाख करोड़ रुपए का नुकसान मुंबई (ईएमएस)। भारतीय शेयर बाजार गुरुवार को भारी गिरावट के साथ बंद हुआ। बाजार में ये गिरावट एशियाई बाजारों से मिले अच्छे संकेतों के बाद भी बैंकिंग, मेटल, ऑटो और एफएमसीजी शेयरों में बिकवाली हावी रहने से आई है। दिन भर के कारोबार के बाद 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 1,236.11 अंक टूटकर 82,498.14 पर बंद हुआ जबकि , 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 365 अंक नीचे आकर 25,454.35 पर बंद हुआ। आज निफ्टी के सभी इंडेक्स गिरावट के साथ ही लाल निशान में रहे। आज बैंकिंग, मेटल, ऑटो और एफएमसीजी शेयरों में भारी बिकवाली रही। बाजार में बड़ी गिरावट के अन्य कारणों में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें, अमेरिका-ईरान के बीच बढ़ते तनाव और बैंकिंग व एफएमसीजी क्षेत्र की बड़ी कंपनियों में मुनाफावसूली भी रही। इस दौरान सेंसेक्स के सभी 30 शेयरों में गिरावट रही। इसमें इंडिगो, एम एंड एम, अल्ट्राटेक सीमेंट, ट्रेंट, बीईएल, कोटक बैंक, रिलायंस, टेक महिंद्रा और आईटीसी के शेयरों में सबसे अधिक 3.2 फीसदी की गिरावट आई। वहीं व्यापक बाजारों की बात करें तो , निफ्टी मिडकैप में 1.59 फीसदी और स्मॉलकैप 100 इंडेक्स में 1.27 फीसदी की गिरावट रही। इसके अलावा निफ्टी रियल्टी, निफ्टी मीडिया और निफ्टी ऑटो सबसे ज्यादा गिरावट रही। इसमें सभी में 2 फीसदी की गिरावट आई जबकि निफ्टी एफएमसीजी और निफ्टी प्राइवेट और पीएसयू बैंक में एक फीसदी से अधिक की गिरावट रही। आज बीएसई का कुल बाजार पूंजीकरण मूल्य घटकर लगभग 466 लाख करोड़ रुपए रह गया। जिससे जिससे निवेशकों को करीब 53 लाख करोड़ रुपए का नुकसान हुआ। इस बीच, विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) ने फरवरी के पहले पखवाड़े में 10,956 करोड़ के आईटी शेयरों की बिक्री की। इसी अवधि में, दलाल स्ट्रीट में कुल 29,709 करोड़ का निवेश आया, जिसमें आईटी शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट देखी गई। इससे पहले आज सुबह बाजार बढ़त के साथ खुले। सुबह बीएसई सेंसेक्स 83,979 अंक पर मजबूत शुरुआत के साथ खुला। सुबह शुरुआत के बाद सेंसेक्स 30.02 अंक की हल्की बढ़त के साथ 83,704.23 पर कारोबार कर रहा था। इसी तरह ‎निफ्टी ने भी 25,873 के स्तर पर मजबूती के साथ कारोबार की शुरुआत की परंतु जल्द ही यह सपाट हो गया। ईएमएस 19 फरवरी 2026