तेहरान (ईएमएस)। मध्य पूर्व में जारी भारी तनाव के बीच ईरान से आई एक खबर ने पूरी दुनिया को चौकन्ना किया है। दक्षिण ईरान में रिक्टर स्केल पर 5.5 तीव्रता का जोरदार भूकंप दर्ज हुआ है लेकिन समय और हालात को देखकर अंतरराष्ट्रीय गलियारों में यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या यह महज एक प्राकृतिक आपदा है या ईरान ने गुपचुप तरीके से परमाणु परीक्षण किया है? जर्मनी के भूविज्ञान अनुसंधान केंद्र के अनुसार भूकंप का केंद्र जमीन से केवल 10 किलोमीटर की गहराई में था। भूकंप वैज्ञानिकों का मानना है कि इतनी कम गहराई पर आने वाले झटके अक्सर किसी बड़े विस्फोट का परिणाम भी हो सकते हैं। हालांकि अभी तक किसी भी आधिकारिक एजेंसी ने परमाणु परीक्षण की पुष्टि नहीं की है। यह भूकंप तब आया है जब ईरान और अमेरिका के बीच युद्ध की तलवार लटक रही है। अमेरिका ने अरब सागर में अपने दो घातक युद्धपोत तैनात कर रखे हैं। भूकंप का असर काफी बड़े इलाके में महसूस किया गया जिससे लोगों में भारी दहशत फैल गई। ईरानी सरकार ने आपदा राहत टीमों को तुरंत फील्ड में उतार दिया है। लोगों को अगले कुछ घंटों तक सतर्क रहने की सलाह दी गई है। ईरानी विशेषज्ञों का तर्क है कि दक्षिण ईरान टेक्टोनिक प्लेट्स के मिलन स्थल पर है इसलिए यहां भूकंप आना एक सामान्य प्राकृतिक घटना भी हो सकती है। आशीष दुबे / 19 फरवरी 2026