अंतर्राष्ट्रीय
19-Feb-2026


वाशिंगटन (ईएमएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे टकराव में अगले 10 दिनों के भीतर बड़ा फैसला लिया जा सकता है। उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि अगर कोई “सार्थक समझौता” नहीं हुआ तो “बुरी चीजें होंगी।” ट्रंप ने यह बात वॉशिंगटन में आयोजित “बोर्ड ऑफ पीस” कार्यक्रम के दौरान कही। उन्होंने बताया कि ईरानी प्रतिनिधियों के साथ बातचीत जारी है और अब तक की बातचीत “रचनात्मक” रही है। हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि इतिहास गवाह है कि ईरान के साथ एक ठोस और प्रभावी समझौता करना आसान नहीं रहा है। ट्रंप ने अमेरिकी वार्ताकारों स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर का जिक्र किया, जो ईरान के साथ अप्रत्यक्ष वार्ता का नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये दोनों अच्छे लोग हैं और ईरानी प्रतिनिधियों के साथ उनकी बैठकों का माहौल सकारात्मक रहा है। ट्रंप के अनुसार, ईरान इस समय “हॉटस्पॉट” बना हुआ है और बातचीत के जरिए समाधान निकालने की कोशिश हो रही है। ट्रंप ने कहा, हम अच्छी बातचीत कर रहे हैं लेकिन सालों से यह साबित हुआ है कि ईरान के साथ एक सार्थक समझौता करना आसान नहीं है। उन्होंने आगे कहा, हमें एक सार्थक समझौता करना होगा, नहीं तो बुरी चीजें होंगी। ट्रंप ने यह भी संकेत दिया कि अमेरिका एक कदम आगे बढ़ सकता है, यानी कड़े कदम उठा सकता है, अगर 10 दिनों में समझौता नहीं हुआ। उन्होंने कहा, “शायद हम समझौता कर लें, शायद नहीं। आपको अगले लगभग 10 दिनों में पता चल जाएगा।” सुबोध/१९-०२-२०२६