प्रयागराज,(ईएमएस)। श्रीकृष्ण जन्मभूमि बनाम शाही ईदगाह मस्जिद विवाद से जुड़े मामलों में शुक्रवार दोपहर 2 बजे से इलाहाबाद उच्च न्यायालय में सुनवाई होनी है। इस दौरान भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) को अपना जवाब दाखिल करना है। जवाब दाखिल होने के बाद अदालत में रिपोर्ट पर दोनों पक्षों के बीच बहस की संभावना है। हाईकोर्ट में हिंदू पक्ष की कुल 18 याचिकाओं पर वर्तमान में सुनवाई चल रही है। इन याचिकाओं में शाही ईदगाह मस्जिद को हटाने और संबंधित भूमि पर अधिकार की मांग की गई है। वहीं, मस्जिद पक्ष ने 22 अगस्त को सिविल प्रक्रिया संहिता (सीपीसी) की धारा 151 के तहत आवेदन दायर कर समेकित मुकदमों की आगे की कार्यवाही पर रोक लगाने की मांग की है। इससे पहले 30 जनवरी को मामले में करीब तीन घंटे तक सुनवाई हुई थी। जस्टिस अविनाश सक्सेना की अदालत में हुई उस सुनवाई के दौरान एएसआई ने अपनी रिपोर्ट दाखिल करने के लिए दो सप्ताह का समय मांगा था। हिंदू पक्ष के अधिवक्ता महेंद्र प्रताप सिंह ने अदालत को बताया था कि मुकदमा संख्या तीन में अब तक एएसआई की रिपोर्ट दाखिल नहीं की गई है। इस पर एएसआई की ओर से अतिरिक्त समय की मांग की गई, जिसे स्वीकार करते हुए अदालत ने अगली सुनवाई 20 फरवरी के लिए निर्धारित की थी। हिदायत/ईएमएस 20फरवरी26