राष्ट्रीय
20-Feb-2026
...


नई दिल्ली,(ईएमएस)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम के राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। राष्ट्रपति मुर्मु ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपने संदेश में लिखा कि अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम प्राकृतिक सौंदर्य, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और उद्यमशील नागरिकों से परिपूर्ण राज्य हैं। उन्होंने अपने संदेश में आगे कहा कि दोनों राज्यों ने देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है और आगे भी प्रगति व समृद्धि के पथ पर अग्रसर रहें, यही उनकी कामना है। वहीं उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने अरुणाचल प्रदेश के स्थापना दिवस पर बधाई देते हुए कहा कि यह राज्य हिमालयी पर्वत श्रृंखलाओं, जैव विविधता, मठों, घने वनों और जीवंत जनजातीय परंपराओं से समृद्ध है। उन्होंने अरुणाचल को प्रकृति और संस्कृति के अद्भुत संतुलन का प्रतीक बताया और राज्य के सतत विकास, शांति एवं समृद्धि की कामना की। मिजोरम के लिए अपने संदेश में उपराष्ट्रपति ने कहा कि प्राकृतिक सुंदरता, घने जंगलों और उच्च साक्षरता दर के कारण यह राज्य सामाजिक प्रगति और सामुदायिक सद्भाव का मॉडल बनकर उभरा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मिजोरम अपनी सांस्कृतिक विरासत को संजोते हुए सतत विकास और स्थायी शांति के मार्ग पर आगे बढ़ता रहेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने अरुणाचल प्रदेश को प्राकृतिक दृश्यों और सांस्कृतिक विविधता से भरपूर राज्य बताते हुए कहा कि यहां के मेहनती और ऊर्जावान नागरिक देश की प्रगति में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य की विविध आदिवासी संस्कृति भारत की समृद्धि को और सुदृढ़ करती है तथा आने वाले समय में अरुणाचल प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छुए। मिजोरम के स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह राज्य अपनी प्राकृतिक सुंदरता और जीवंत सांस्कृतिक परंपराओं के लिए जाना जाता है। उन्होंने मिजो समुदाय की सामुदायिक भावना, करुणा और सांस्कृतिक धरोहर की सराहना करते हुए राज्य के निरंतर विकास और नई उपलब्धियों की कामना की। हिदायत/ईएमएस 20फरवरी26