- वैदिक मंत्रों से गूंजा भैरव बाबा मंदिर बिलासपुर (ईएमएस)। धर्म नगरी रतनपुर स्थित भैरव बाबा मंदिर परिसर में गुरुवार को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच 25 ब्राह्मण बटुकों का सामूहिक उपनयन संस्कार श्रद्धा और विधि-विधान से संपन्न हुआ। प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए बटुकों ने यज्ञोपवीत धारण कर ब्रह्मचर्य आश्रम में प्रवेश किया और वैदिक परंपराओं का पालन करने का संकल्प लिया। मंदिर के महंत पंडित जागेश्वर अवस्थी ने बताया कि उपनयन संस्कार केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि बालकों के जीवन में नैतिक, सामाजिक और आध्यात्मिक शिक्षा का प्रथम चरण है। इस संस्कार से बच्चे गुरु-शिष्य परंपरा, ब्रह्मचर्य और वेदों के ज्ञान से परिचित होते हैं तथा उनमें अनुशासन, संयम और कर्तव्यबोध का विकास होता है।उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इसी श्रृंखला में शुक्रवार को मंदिर परिसर में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया है।उपनयन संस्कार के मुख्य आचार्य पंडित राजेंद्र दुबे रहे। वैदिक कर्मकांड में दिलीप दुबे, कान्हा तिवारी, महेश्वर पाण्डेय, दीपक अवस्थी, रवि शंकर एवं राजेंद्र तिवारी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और अभिभावक उपस्थित रहे। सभी ने बटुकों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल, संस्कारवान एवं धर्मनिष्ठ भविष्य की कामना की। धार्मिक वातावरण और मंत्रोच्चार से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। मनोज राज 20 फरवरी 2026