क्षेत्रीय
20-Feb-2026


राजगढ़(ईएमएस) लौभ लालच है ही ऐसी बला ये रक्षक को ही भक्षक बना देता है और जब रक्षक ही भक्षक बन जाएं तो लोगों मेंपुलिस के प्रति सुरक्षा का भरोसा भी डगमगाने लगता है। ये कोई आश्चर्य की बात नही बल्कि राजगढ़ पुलिस महकमे में भी एक ऐसा ही सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने जनता की सुरक्षा का दम भरने वाली खाकी ने खुद कानून को हाथ में ले लिया और गत दिनों नगर के पुराने बस स्टैंड पर एक युवक के साथ मारपीट कर उससे जबरदस्ती रुपए छीन लिए l इसी आरोप में पुलिस अधीक्षक अमित सुरेश तोलानी ने कड़ा रुख अपनाते हुए दो आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।एसपी की इस त्वरित कार्यवाही से जिले की जनता में पुलिस के प्रति विश्वास जागा है l प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त घटना गत 7 फरवरी 2026 की है। जिसके अनुसार ग्राम पुरापाड़िया निवासी नाहरसिंह तंवर ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि जब वह पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में था, तब दो आरक्षकों ने उसे जबरदस्ती घेर लिया था । आरक्षकों को उस पर शक था कि नाहरसिंह जुआ खेल रहा है और उसके पास जुए की रकम है। इसी के चलते पद का दुरुपयोग करते हुए लालच में आकर आरक्षक राजेश कुमार और संदीप लुगारिया ने मिलकर पहले तो युवक को पुलिस का रौब दिखाकर डराया धमकाया और फिर युवक के साथ छीना-झपटी की और फिर बेरहमी से मारपीट कर उससे करीब 47 हजार रुपए छीन लिए। - सीसीटीवी फुटेज से खुली आरक्षकों की काली करतूत मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी की विशेष टीम ने अंदरूनी जांच शुरू की। जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज और गवाहों के बयानों ने आरक्षकों के दावों की हवा निकाल दी और उनकी काली करतूत सबके सामने आ गई ।एसपी ने प्रारंभिक जांच में दोनों आरक्षकों का आचरण संदिग्ध और अनुशासनहीन पाया। साक्ष्यों के आधार पर यह स्पष्ट हो गया कि आरक्षकों ने कर्तव्य के विपरीत जाकर युवक के साथ जबरदस्ती लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। एसपी अमित सुरेश तोलानी ने आरक्षक राजेश कुमार और संदीप लुगारिया को निलंबित कर रक्षित केंद्र (लाइन) हाजिर कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान वे बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे। एसपी की इस सख्त कार्रवाई से जिले के पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है।एसपी ने इस कार्यवाही से स्पष्ट संकेत दिए है कि वर्दी की आड़ में किसी भी प्रकार का भ्रष्टाचार या अमर्यादित व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, चाहे फिर वो कोई भी हो, कानून सबके लिए एक समान है । फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।-निखिल/राजगढ़/20/2/2026