सिरोंज (ईएमएस)। थाना सिरोंज क्षेत्र में एक संवेदनशील और मानवीय पुलिस कार्रवाई का सराहनीय उदाहरण सामने आया। न्यू बस स्टैण्ड, सिरोंज के पास एक लगभग 03 वर्षीय मासूम बालिका अपने परिजनों से बिछड़कर गई थी। रात्रि लगभग 11 बजे इसकी सूचना राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112, भोपाल को प्राप्त हुई, जिसके बाद तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की गई। सूचना मिलते ही थाना सिरोंज क्षेत्र में तैनात डायल-112 वाहन को मौके पर रवाना किया गया। डायल-112 स्टाफ आरक्षक बाबूलाल एवं पायलट सोनू धाकड़ ने मौके पर पहुंचकर मासूम बालिका को सुरक्षित संरक्षण में लिया। पूछताछ के दौरान बस कंडक्टर से जानकारी मिली कि बालिका अपने परिजनों के साथ बस में थी, परिजन बस से उतर गए और अनजाने में बालिका बस में ही रह गई। डायल-112 जवानों ने सूझबूझ और तत्परता का परिचय देते हुए परिजनों की तलाश प्रारंभ की। जानकारी प्राप्त हुई कि बालिका के परिजन बलरामपुर क्षेत्र में हैं तथा उसके मामा सिरोंज के कटरा मोहल्ले में निवास करते हैं। तत्पश्चात एफआरवी वाहन से बालिका को सुरक्षित लेकर संबंधित परिजनों तक पहुंचाया गया। पहचान एवं सत्यापन उपरांत मासूम को सकुशल परिजनों के सुपुर्द किया गया। अपनी बेटी को सुरक्षित पाकर परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े और उन्होंने पुलिस टीम का हृदय से आभार व्यक्त किया। विदिशा पुलिस की यह त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई जनसेवा और मानवता के प्रति समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण है। ईएमएस / 20/02/2026