क्षेत्रीय
20-Feb-2026
...


दिखावे की पूजा कर जीता था विश्वास, सोने की पांचाली लेकर हुए थे रफूचक्कर खरगोन (ईएमएस)। वृद्धा को सोने की पांचाली के बदले जादू-टोने से पैसों से भरा डिब्बा दिलाने का प्रलोभन देकर ठगी करने वाले जो जालसाज पुलिस गिरफ्त में आए है। इन बदमाशों ने फकीर का चोला बनाकर दिखावे की पूजा कर वृद्धा को अपने झांसे में लिया था। पुलिस से मिली जानकारी अनुसार 17 फरवरी को 75 वर्षीय महिला ने बैडिय़ा थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई कि 14 फरवरी को दो व्यक्ति फकीर के वेश में उनके घर आए। भिक्षा मांगते समय गले में पहनी सोने की पांचाली देखी और कहा कि माताराम, तुम संकट में हो, अपनी पांचाली डिब्बे में रख दो, मैं इस डब्बे को रुपए-पैसों से भर दूंगा। फकीरों के झांसे में आकर घर में से स्टील का डब्बा लाकर सोने की पांचाली डब्बे में रख दी। फकीर ने डब्बे की पूजा करने के लिए कुमकुम मांगा, जब में कुमकुम लेकर लौटी तो फकीरों ने डिब्बा हाथ में दिया और वहां से रवाना हो गए। जब डिब्बा खोला पांचाली के स्थान पर नकली चेन एवं एक लॉकेट मिला। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए घर एवं आसपास के संभावित रास्तों के सीसीटीव्ही फुटेजो को खंगाला। संदिग्ध कालु पिता लखन नाथ और कमल पिता दिनेश नाथ जोगी दोनों निवासी खामखेड़ा थाना कसरावद को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने उक्त घटना को कारित करना स्वीकारा। दोनों की निशानदेही पर 90 हजार रुपए मूल्य की पांचाली जब्त कर आरोपियों को न्यायालय पेश किया जा रहा है। ईएमएस / 20/02/2026