क्षेत्रीय
20-Feb-2026


हजारीबाग(ईएमएस)।हजारीबाग जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र अंतर्गत कर्बला गेट के समीप से हिरासत में लिये गये पूर्व मंत्री योगेंद्र साव और पूर्व विधायक निर्मला देवी को शुक्रवार शाम छोड़ दिया गया जबकि धरना दे रहे रैयत रामकुमार दुबे, कीर्तन राम, सुनीता देवी, कुंती देवी और तिलों देवी को गिरफ्तार कर लिया है।गुरुवार को पुलिस ने पूर्व मंत्री समेत कई लोगों को डिटेंशन में रखा था।शुक्रवार को थाना के बेलबोंड पर साइन और मेडिकल जांच के बाद पूर्व मंत्री योगेंद्र साव और पूर्व विधायक निर्मला देवी को छोड़ दिया। पगार ओपी पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। इस संबंध में पूर्व कृषि मंत्री योगेन्द्र साव ने कहा कि पुलिस ने उन्हें 24 घंटे के लिए डिटेंशन में रखा था।उन्होंने आरोप लगाया कि केरेडारी थाना में रात में उनके और अन्य रैयतों के साथ अमानवीय व्यवहार किया गया। उन्हें कुर्सी पर बैठकर रात गुजारनी पड़ी।इस दौरान उनके लिए खाने की भी व्यवस्था नहीं की गयी थी।योगेंद्र साव ने आगे बताया कि गुरुवार की सुबह पुलिस ने धरना स्थल से टेंट उखाड़ दिया और सीसीटीवी कैमरा और बाजा भी अपने साथ ले गयी थी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक रैयतों की उचित मांगें पूरी नहीं होती हैं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। पुलिस कार्रवाई के विरोध में रैयतों में आक्रोश व्याप्त है। कर्मवीर सिंह/20फरवरी/26