खेल
21-Feb-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कृष्णमाचारी श्रीकांत ने मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती की जमकर प्रशंसा की है। श्रीकांत का मानना है कि वरुण आधुनिक युग के महान गेंदबाज हैं और तेज जसप्रीत बुमराह से भी कहीं बेहतर हैं। इस पूर्व सलामी बल्लेबाज के अनुसार वरुण को अभी तक उतनी सराहना नहीं मिली है जितनी मिलनी चाहिये थी। वरुण ने अब तक टी20 विश्व कप के चार मैचों में 6.88 की औसत और 5.16 की इकॉनमी रेट से नौ विकेट लिए हैं। वरुण और बुमराह ने अब तक साथ में 21 मैच खेले हैं, जिनमें विकेट लेने के मामले में वरुण ने बुमराह को पीछे छोड़ दिया है। वरुण ने 32 विकेट लिए हैं, जबकि बुमराह के 22 विकेट हैं। श्रीकांत के अनुसार इसके बाद भी वरुण को वह सम्मान नहीं मिला है जो मिलना चाहिये जबकि दुनिया भर के बेहतरीन बल्लेबाज भी उसने सामने सहज नजर नहीं आते। पहले जो काम बुमराह करते थे वही वरुण अब कर रहे हैं। साथ ही कहा कि उनकी ज्यादातर गेंदें ऑफ स्टंप और मिडिल स्टंप के आसपास होती हैं। ऐेसे में दाएं हाथ के बल्लेबाजों के खिलाफ, गेंदें थोड़ी अंदर की ओर आती है और फिर घूमती है जबकि उनकी गूगली तेजी से अंदर की ओर आती है। उनके ज्यादातर विकेट अच्छी लेंथ या थोड़ी कम लेंथ की गेंदों से आते हैं। फुल लेंथ की गेंदें भी नहीं। यहां तक ​​कि उनकी शॉर्ट बॉल भी समझ नहीं आती हैं। इससे बल्लेबाजों को पता नहीं चलता कि वह किस प्रकार की गेंदबाजी कर रहें है। अभी लगता है कि वह गूगली फेंक रहे हैं तो अभी लगता है कि वह सीधी गेंद फेंक रहे हैं जो धीमी आ रही है या तेज वह भी समझ नहीं आता। अचानक वह एक तेज गेंद फेंकता है। फिर वह गति बदल देता है। ।” श्रीकांत का मानना ​​है कि अगर भारत 2026 टी20 विश्व कप जीतता है, तो वरुण टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी बनने के प्रबल दावेदार हैं। वह हर मैच में, यहां तक ​​कि खराब दिन में भी, केवल 34 या 35 रन ही देता है। टी20 क्रिकेट में एक स्पिनर के लिए चार ओवर में 36 रन देना बिल्कुल स्वीकार्य है। लेकिन इसके बावजूद वह एक या दो विकेट जरूर ले लेता है। गिरजा/ईएमएस 21 फरवरी 2026