फार्म हासिल करने के लिए भी दिये सुझाव चेन्नई (ईएमएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के आक्रामक सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा अब तक टी20 विश्वकप मैचों में रन बनाने में असफल रहे हैं। अभिषेक अपने तीनों ही मैचों में खाता नहीं खोल पाये हैं। जिससे सुपर-8 में उनके प्रदर्शन को लेकर चिंताएं बढ़ गयी हैं। वहीं पूर्व स्पिनर आर अश्विन ने इस युवा बल्लेबाज को असफल होने के कारण बताने के साथ ही फार्म हासिल करने के लिए अहम सुझाव भी दिया है। अश्विन ने उनकी बल्लेबाजी का आंकलन करते हुए उनकी कमजोरी बताई है। अश्विन के अनुसार अब अंतरराष्ट्रीय गेंदबाजों ने अभिषेक के खेलने के तरीके को समझ लिया है। इसलिए गेंदबाज अब उन्हें हावी होने के लिए बिल्कुल जगह नहीं देते। गेंदबाज अब अभिषेक के शरीर के बहुत करीब गेंदबाजी कर रहे हैं। वहीं अभिषेक अपना सामने वाला पैर हटाकर जोर से बल्ला घुमाते हैं। ऐेसे में जब गेंद शरीर के करीब आती है तो उन्हें शॉट खेलने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिल पाती है जिससे वह आउट हो रहे हैं। अश्विन के अनुसार अगर नीदरलैंड के खिलाफ मैच को देखें तो गेंदबाज आर्यन दत्त ने इसी रणनीति का प्रयोग किया। आर्यन ने गेंद को अंदर की तरफ एंगल दिया जिससे वह सीधे अभिषेक के शरीर की लाइन में आई। अभिषेक उस गेंद की लाइन में नहीं आ सके और बोल्ड को गये। अभिषेक को शॉट खेलने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिली जिसके कारण वह आउट हो गए। गेंदबाजों ने इस प्रकार अभिषेक की आक्रामक बल्लेबाजी पर अंकुश लगा दिया हहै। अश्विन ने अभिषेक को अपनी तकनीक सुधारने के लिए सलाह देते हुए कहा कि उन्हें शिवम दुबे की बल्लेबाजी देखनी चाहिये। शिवम भी अपना पैर हटाते हैं लेकिन उनका सिर हमेशा गेंद की लाइन में रहता है। अश्विन का सुझाव है कि नई गेंद का सामना करते समय अभिषेक को सिर के साथ आगे बढ़ना चाहिए। केवल पैर हटाकर जगह बनाने की जगह पर उन्हें गेंद की दिशा और गति के अनुसार तालमेल बिठाना होगा। अगर वह शिवम की तरह गेंद की लाइन में रहकर खेलेंगे तो उन्हें ज्यादा लाभ होगा। पावरप्ले में सफल होने के लिए उन्हें अपने फुटवर्क में यह छोटा सा बदलाव करना होगा। अश्विन का मानना है कि तकनीकी सुधार ही उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक लंबी पारी खेलने में सहायता करेंगे। अश्विन के अनुसार, एक या दो मैचों की विफलता के आधार पर खिलाड़ी को बाहर नहीं किया जाना चाहिये। उन्होंने कहा कि अभिषेक एक मैच विजेता खिलाड़ी हैं और लय मे होने पर पावरप्ले में बहुत आक्राम साबित होते हैं। हालिया खराब फॉर्म का एक कारण उनकी बीमारी भी है जिससे उनकी एकाग्रता टूटी है। अश्विन ने अभिषेक की प्रतिभा पर पूरा भरोसा जताया है और उन्हें टीम में बनाए रखने का समर्थन किया है। गिरजा/ईएमएस 21 फरवरी 2026