क्षेत्रीय
21-Feb-2026
...


फरीदाबाद (ईएमएस)। फरीदाबाद के पल्ला थाना क्षेत्र में 30 वर्षीय संगीता देवी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोप उसके पति पर है, जिससे उसका तलाक का मामला कोर्ट में विचाराधीन था। फरीदाबाद के पल्ला थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात तीन गोली मारकर 30 वर्षीय महिला की हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप महिला के पति पर लगा है। महिला का नाम संगीता था। लोगों ने बताया कि 30 वर्षीय महिला संगीता देवी किसी काम से बाहर गई हुई थी। इसी दौरान उसका पति और ससुराल पक्ष के कुछ लोग उसके घर पहुंचे। महिला के घर पर न मिलने पर वे वापस लौटने लगे। तभी गली में संगीता को आता देख उन्होंने उसे रोक लिया। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि पति के हाथ में हथियार था। विवाद बढ़ने पर संगीता ने खुद को बचाने की कोशिश की और पीछे हटने लगी, तभी उसके पति ने उस पर तीन राउंड फायरिंग कर दी। दो गोलियां लगने से संगीता गंभीर रूप से घायल होकर गली में गिर पड़ी। घटना की सूचना मिलते ही पल्ला थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से दो खाली खोखे बरामद कर जांच शुरू कर दी है। सूचना मिलने पर मृतका के पिता भी मौके पर पहुंचे। पड़ोसियों की मदद से घायल संगीता को सेक्टर-31 स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/21/फरवरी/2026