रायगढ़(ईएमएस)। क्रिकेट वर्ल्ड कप के दौरान ऑनलाइन सट्टे के करोड़ों रुपये के लेन-देन का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। रायगढ़ पुलिस की टीम ने पश्चिम बंगाल तक फैले नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए कोलकाता के एक होटल पर रेड मारकर 5 नामी सटोरियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 25 मोबाइल, 3 लैपटॉप, 1 टैबलेट, कैलकुलेटर और 36,500 रुपए जब्त किए गए। पुलिस के मुताबिक, आरोपी कोलकाता के होटल में बैठकर ऑनलाइन बेटिंग एप के माध्यम से छत्तीसगढ़ में होने वाले क्रिकेट मैचों पर दांव लगवा रहे थे। हिसाब-किताब की जांच में पिछले एक महीने में करोड़ों रुपये के लेन-देन का पता चला है। थाना कोतवाली और चक्रधरनगर में पहले से दर्ज मामलों में इन आरोपियों के खिलाफ स्थायी वारंट जारी थे। मुखबिर की सूचना पर साइबर, कोतवाली और चक्रधरनगर थाना की संयुक्त टीम कोलकाता रवाना हुई और हावड़ा स्थित होटल पर दबिश देकर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा दो अन्य व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है। एसएसपी रायगढ़ शशि मोहन सिंह ने कहा कि जुआ-सट्टा से जुड़े आरोपी कहीं भी जाकर छिपें, उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। रायगढ़ में जुआ-सट्टा पूरी तरह से बंद कराया जाएगा और हर सटोरिए को जेल भेजा जाएगा। पुलिस ने बताया कि सट्टा नेटवर्क पूरी तरह डिजिटल था। आरोपी मोबाइल के माध्यम से ग्राहकों से संपर्क कर ऑनलाइन एप पर सट्टा लगवाते थे और पेमेंट भी ऑनलाइन किया जाता था। होटल से ही सटोरिए रायगढ़ समेत प्रदेश के अलग-अलग जिलों में दांव लगवाते थे। सत्यप्रकाश(ईएमएस)21 फरवरी 2026