सूरजपुर(ईएमएस)। जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए करीब 65 लाख रुपये मूल्य के नशीले पदार्थों को नष्ट किया। यह कार्यवाही पुलिस लाईन परिसर में अस्थायी भट्ठे में जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति की देखरेख में संपन्न हुई। इस दौरान एनडीपीएस एक्ट के 20 प्रकरणों में जब्त 101.74 किलोग्राम गांजा, 753 गांजा के पौधे, 103 टेबलेट, 778 इंजेक्शन, 98 कफ सिरप और 5,920 कैप्सूल को नष्ट किया गया। डीआईजी एवं एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर ने बताया कि यह कार्रवाई केंद्र सरकार की 23 दिसंबर 2022 की अधिसूचना और छत्तीसगढ़ शासन के 21 नवंबर 2024 के निर्देशों के अनुरूप की गई। नष्टिकरण प्रक्रिया की अध्यक्षता डीआईजी एवं एसएसपी सूरजपुर ने की। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी, जिला आबकारी अधिकारी अनिल मित्तल, क्षेत्रीय अधिकारी पर्यावरण संरक्षण मंडल के पंचान और वन विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। डीआईजी एवं एसएसपी ने कहा कि जिला पुलिस युवाओं और नागरिकों को नशे से बचाने के लिए भविष्य में भी मादक पदार्थों की तस्करी पर सख्त कार्यवाही जारी रखेगी। इस मौके पर रक्षित निरीक्षक अशोक गिरी, निरीक्षक जावेद मियादांद, प्रधान आरक्षक आशाराम लकड़ा, आरक्षक सोहेल राजा और उदय सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।