क्षेत्रीय
21-Feb-2026
...


जांजगीर(ईएमएस)। पुलिस ने चोरी के एक मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल, नकदी ₹700 और घटना में प्रयुक्त एक अन्य बाइक बरामद की गई है। जानकारी के अनुसार, 29 जनवरी 2026 की रात को जगजीवन कुर्रे, निवासी बिरगहनी के घर से अज्ञात चोरों ने राशन सामग्री, एक बाइक और नगदी चोरी कर ली थी। घटना की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद थाना जांजगीर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की मोटरसाइकिल बेचने के लिए दो व्यक्ति सक्रिय हैं। सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्धों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमृतलाल पटेल (34 वर्ष), निवासी राजापारा चांपा और घनश्याम लाल चौहान उर्फ ब्लूटूथ (37 वर्ष), निवासी बैग बुढ़वा, थाना शक्ति के रूप में हुई। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उन्होंने बताया कि चोरी की गई राशन सामग्री और नकदी खर्च कर दी गई है, जबकि बाइक को बेचने की तैयारी थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल और ₹700 नकद जब्त कर मामले में कार्रवाई जारी रखी है।