क्षेत्रीय
21-Feb-2026
...


जांजगीर(ईएमएस)। चांपा पुलिस ने फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाकर भूमि का नामांतरण कराने वाले पार्षद रामसिंह गोड़ (33), निवासी वार्ड क्रमांक 26, जगदल्ला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धाराएं 420, 467, 468, 471 और 34 के तहत कार्यवाही की गई है। शिकायत चांपा चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष और सोनारपारा निवासी सुनील सोनी ने दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनके दादा स्व. उमाशंकर ने जगदल्ला निवासी सुनहर गोड़ से खसरा नं. 473, रकबा 1.13 एकड़ जमीन खरीदी थी। इस खरीद की अनुमति कलेक्टर से ली गई थी और पंजीकृत विक्रयनामा 19 नवंबर 1976 को हुआ था। जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि पार्षद रामसिंह गोड़ ने सुनहर गोड़ का फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाकर दादा की खरीदी जमीन का नामांतरण निरस्त कराने का प्रयास किया। आरोपी ने 2016-17 में ग्राम जगदल्ला के पार्षद, पटवारी और नगर पालिका कर्मचारियों की मिलीभगत से फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र तैयार करवाया था। इसमें मृत्यु तिथि 4 मई 1970 दर्शाई गई, जबकि वास्तविक मृत्यु तिथि 14 अक्टूबर 1979 है। पुलिस ने बताया कि रामसिंह गोड़ ने निर्दलीय सीट से चुनाव जीतकर पार्षद पद संभाला और बाद में भाजपा में प्रवेश कर लिया था। मामले में आरोपी के खिलाफ सरकारी दस्तावेज़ से छेड़छाड़ के आरोप में कार्रवाई की गई है।