क्षेत्रीय
21-Feb-2026
...


- पास खडा वाहन जलकर खाक - व्यापारियों में आक्रोश कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिला के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत मीरा टॉकीज वार्ड क्रमांक 7, अंबिकापुर रोड पर अर्धरात्रि लगभग 1 बजे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। ट्रांसफार्मर में हुए शॉर्ट सर्किट के बाद उसके नीचे पड़े कचरे के ढेर में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और ट्रांसफार्मर धू-धू कर जलने लगा। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि ट्रांसफार्मर के पास दुकान के बाहर खड़ी एक कार भी उसकी चपेट में आ गई। कुछ ही देर में कार आग का गोला बन गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और तत्काल विद्युत विभाग व पुलिस को सूचना दी गई।आगजनी की घटना के बाद पूरे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बंद कर दी गई। घटना के 12 घंटे बीत जाने के बाद भी इलाके में बिजली बहाल नहीं हो सकी, जिससे रहवासियों और व्यापारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी और दैनिक कार्य प्रभावित होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रांसफार्मर के नीचे लंबे समय से कचरे का ढेर जमा था। इसे हटाने के लिए नगर पालिका कटघोरा को लिखित शिकायत भी दी गई थी, लेकिन समय रहते सफाई नहीं कराई गई। लोगों का आरोप है कि यदि पहले ही कचरा हटा दिया जाता तो यह हादसा टल सकता था। ट्रांसफार्मर के आसपास लगभग आधा दर्जन से अधिक दुकानें स्थित हैं। आग यदि और फैलती तो बड़ा नुकसान हो सकता था। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई।सूचना मिलते ही विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सुधार कार्य शुरू कर दिया है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि ट्रांसफार्मर को हुए नुकसान का आंकलन कर जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। घटना के बाद स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों में भारी आक्रोश है। उन्होंने प्रशासन से ट्रांसफार्मर के आसपास नियमित सफाई और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। 21 फरवरी / मित्तल