राज्य
21-Feb-2026
...


:: गाइडलाइन के पालन में लापरवाही पर नपेंगे अधिकारी, डिजिटल मॉनिटरिंग से होगी हर वार्ड की घेराबंदी :: इंदौर (ईएमएस)। लगातार आठ बार से स्वच्छता में शीर्ष पर काबिज इंदौर अब नौवीं बार भी नंबर 1 का खिताब बरकरार रखने के लिए मिशन मोड में आ गया है। नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने सिटी बस ऑफिस में समीक्षा बैठक कर स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के लिए सख्त एक्शन प्लान जारी किया। उन्होंने दो टूक कहा कि शासन की गाइडलाइन के पालन में कोताही बरतने वाले अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में तय रणनीति के तहत अब पूरे शहर की डिजिटल मॉनिटरिंग की जाएगी। आयुक्त ने डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण और स्रोत पर ही कचरा पृथक्करण (गीला-सूखा अलग करना) को शत-प्रतिशत प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि गार्बेज फ्री सिटी और ओडीएफ++ के मानकों में कोई भी ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। स्वच्छता के साथ ही शहर के कायाकल्प पर जोर देते हुए आयुक्त ने प्रमुख चौराहों के सौंदर्यीकरण, नो रेड स्पॉट अभियान और सार्वजनिक शौचालयों की सफाई को गति देने के निर्देश दिए। साथ ही पेयजल गुणवत्ता, लीकेज नियंत्रण और नालों की सफाई को प्राथमिकता में रखा गया है। यातायात सुगमता के लिए प्रमुख चौराहों पर लेफ्ट टर्न चौड़ीकरण और अतिक्रमण हटाने की कार्ययोजना पर भी मुहर लगी। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि दैनिक मॉनिटरिंग और समन्वित प्रयासों से ही इंदौर अपनी साख को बचाए रख सकता है। बैठक में अपर आयुक्त, विभाग प्रमुख और जोनल अधिकारी उपस्थित रहे। प्रकाश/21 फरवरी 2026