:: महापौर और विधायक ने जनता को सौंपी सौगात; बोले- अब हर वार्ड में घर के पास मिलेगा मुफ्त इलाज :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर नगर निगम ने शहर के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूती देते हुए शनिवार को 72वें संजीवनी क्लीनिक का शुभारंभ किया। विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-5 के वार्ड 47 (गोकुल नगर) में नवनिर्मित इस क्लीनिक का लोकार्पण महापौर पुष्यमित्र भार्गव एवं विधायक महेंद्र हार्डिया द्वारा किया गया। इस केंद्र के शुरू होने से क्षेत्रीय रहवासियों को अब प्राथमिक उपचार और जांच के लिए बड़े अस्पतालों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। लोकार्पण के अवसर पर महापौर भार्गव ने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य हर वार्ड में सुलभ और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएँ पहुँचाना है। उन्होंने बताया कि शहर में अब 70 से अधिक संजीवनी क्लीनिक सक्रिय हैं, जहाँ नागरिकों को निःशुल्क परामर्श, दवाइयाँ और पैथोलॉजी जांच की सुविधा मिल रही है। महापौर ने इंदौर की स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर सहयोग के लिए मुख्यमंत्री मोहन यादव एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ला के प्रति आभार व्यक्त किया। विधायक हार्डिया ने इस सुविधा को क्षेत्र के लिए मील का पत्थर बताते हुए कहा कि गोकुल नगर और आसपास के जरूरतमंद नागरिकों को अब घर के समीप ही विशेषज्ञ सेवाएं मिल सकेंगी। कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य नंदकिशोर पहाड़िया, महापौर प्रतिनिधि विवेक सिन्हा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद थे, जिन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं के इस विस्तार पर हर्ष जताया। प्रकाश/21 फरवरी 2026