मनोरंजन
22-Feb-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। क्या आपने कभी सोचा है कि बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान का आइकॉनिक फिरोजा ब्रेसलेट उनके लिए इतना खास क्यों है? सलमान खान हमेशा अपने दाहिने हाथ में नीले रंग का फिरोजा पत्थर वाला ब्रेसलेट पहनते हैं, जिसे आप उन्हें हर समय फिल्मों में, प्रेस इवेंट्स में और निजी जीवन में देख सकते हैं। कुछ समय पहले वायरल हुए एक वीडियो में सलमान ने खुद इस ब्रेसलेट के पीछे की कहानी साझा की थी। उन्होंने बताया कि इस खास चीज की शुरुआत उनके पिता सलीम खान से हुई थी। सलमान के शब्दों में, मेरे पिता हमेशा ऐसा ही ब्रेसलेट पहनते थे। बचपन में मैं उनके ब्रेसलेट से खेलता था। जब मैंने काम शुरू किया, तो उन्होंने मुझे अपने जैसा ही ब्रेसलेट गिफ्ट किया। यह ब्रेसलेट उनके पिता के प्यार और आशीर्वाद की निशानी है। सलमान ने यह भी बताया कि इस ब्रेसलेट में लगा पत्थर फिरोजा है, जिसे दुनिया में मौजूद दो ‘लिविंग स्टोन्स’ में से एक माना जाता है। यह पत्थर मुख्य रूप से तिब्बत, ईरान, चीन और मैक्सिको में पाया जाता है। सलमान के मुताबिक, फिरोजा पत्थर नकारात्मक ऊर्जा को अपने ऊपर ले लेता है और जब यह नेगेटिविटी सोख लेता है, तो इसमें दरार पड़ जाती है और ईवेंटूली यह टूट जाता है। सलमान ने बताया कि यह उनके जीवन में इस्तेमाल होने वाला सातवां फिरोजा स्टोन है, जो इस बात का संकेत है कि यह पत्थर कैसे उनकी सुरक्षा का प्रतीक बन चुका है। ब्रेसलेट न केवल भावनात्मक रूप से सलमान के बेहद करीब है, बल्कि वह इसे अपने लिए लकी भी मानते हैं। यही वजह है कि वे इसे कभी अपने से दूर नहीं करते। वर्कफ्रंट की बात करें, तो सलमान इस समय अपनी आगामी वॉर ड्रामा फिल्म बेटल ऑफ गलवान में व्यस्त हैं, जिसमें वह कर्नल बी. संतोष बाबू की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म 17 अप्रैल 2026 को रिलीज होने की उम्मीद है, हालांकि रिलीज डेट में बदलाव की भी चर्चाएं हैं। इसके अलावा, सलमान अपनी अगली एक्शन फिल्म सिकंदर की शूटिंग भी कर रहे हैं। सलमान का यह नीला ब्रेसलेट उनकी पहचान का अभिन्न हिस्सा है एक ऐसा प्रतीक जो उनके पिता से मिला, उनकी भावनाओं से जुड़ा है और जिसे वे अपना लकी चार्म मानते हैं। बता दें कि सलमान खान न सिर्फ अपनी ब्लॉकबस्टर फिल्मों के लिए जाने जाते हैं, बल्कि उनकी स्ट्रांग पर्सनैलिटी, फिटनेस और स्टाइल भी उन्हें फैंस के बीच खास बनाती है। सलमान की एक चीज ऐसी है, जो सालों से उनकी पहचान बन चुकी है उनका आइकॉनिक फिरोजा ब्रेसलेट। उनके फैंस अक्सर इसे कॉपी करने की कोशिश करते हैं। सुदामा/ईएमएस 22 फरवरी 2026