मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ अब रिलीज के लिए पूरी तरह तैयार है। बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार कमाई करने वाली धुरंधर पार्ट 1 की सफलता के बाद अब दर्शकों की नजरें इसके दूसरे पार्ट पर टिकी हैं। फिल्म 19 मार्च को सिनेमाघरों में दस्तक देगी और इससे पहले सीबीएफसी ने इसके रनटाइम और सर्टिफिकेशन की आधिकारिक जानकारी जारी कर दी है। फिल्म के पहले पार्ट की जबरदस्त लोकप्रियता के बाद यह चर्चा थी कि इसका दूसरा पार्ट लंबाई में कितना बड़ा होगा। रिपोर्ट्स के अनुसार, धुरंधर पार्ट 1 का रनटाइम 3 घंटे 35 मिनट था, जिसमें चार मिनट का पोस्ट-क्रेडिट सीन भी शामिल था। हालांकि पार्ट 2 इस बार कुछ मिनट छोटा होगा। एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म को यूए 16 प्लस सर्टिफिकेट मिला है और इसका कुल रनटाइम 208 मिनट, यानी लगभग 3 घंटे 28 मिनट है। यह स्पष्ट है कि दर्शकों को फिर से एक लंबी और तगड़ी एक्शन-ड्रामा फिल्म देखने को मिलेगी। निर्देशक आदित्य धर की इस फिल्म को लेकर उत्साह पहले से अधिक है, क्योंकि इसका सीधा मुकाबला साउथ सुपरस्टार यश की फिल्म टाक्सिक से होने जा रहा है। दोनों फिल्में एक ही तारीख को रिलीज होंगी और दोनों में ही हाई-ऑक्टेन एक्शन देखने को मिलेगा। इससे बॉक्स ऑफिस पर बड़ा टकराव तय माना जा रहा है। धुरंधर 2 में रणवीर सिंह के किरदार हम्जा अली की कहानी को और विस्तार दिए जाने की उम्मीद है। कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि इस बार कहानी और भी अधिक इंटेंस और इमोशनल होगी। इसके अलावा फिल्म में यामी गौतम का कैमियो भी देखने को मिल सकता है, जो दर्शकों के लिए एक और आकर्षण होगा। फिल्म के इस पार्ट में ‘बड़े साहब’ के किरदार से भी पर्दा उठने की बात कही गई है, जिससे कहानी में नए ट्विस्ट जुड़ने की उम्मीद है। जानकारी के अनुसार, दर्शक इस बार जहां धुरंधर 2 को लेकर उत्साहित हैं, वहीं टॉक्सिक को इस सूची में उससे भी अधिक लोकप्रियता मिल रही है। सुदामा/ईएमएस 22 फरवरी 2026