मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड की अपकमिंग सुपरनैचुरल थ्रिलर दी वार्डरोब का फर्स्ट-लुक पोस्टर रिलीज होते ही चर्चा का केंद्र बन गया है। राज गवली प्रोडक्शन की इस आगामी फिल्म के पोस्टर में नजर आ रहे डरावने माहौल और रहस्यमयी महिला की झलक ने दर्शकों के मन में यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या दिव्या अग्रवाल इस फिल्म में किसी भूत या बेचैन आत्मा का किरदार निभा रही हैं। सौरभ चौबे के निर्देशन में बनी यह फिल्म हॉरर, सस्पेंस और साइकोलॉजिकल ट्विस्ट का दिलचस्प मिश्रण पेश करने वाली है, जिसमें राजनीश दुग्गल भी महत्वपूर्ण भूमिका में नजर आएंगे। पोस्टर में एक पुराना, आधा खुला लकड़ी का वार्डरोब दिखाया गया है, जिसके आसपास लताओं का जाल फैला हुआ है। इसी अलमारी से खून से सने सफेद गाउन में एक महिला बाहर निकलती दिखाई देती है। धुएं, अंधेरे और वातावरण में फैली बेचैनी इसके सुपरनैचुरल टोन को और भी गहराई देती है। वार्डरोब के भीतर से आती लाल रोशनी इस बात का संकेत देती है कि कहानी सिर्फ एक हॉरर सेटअप तक सीमित नहीं, बल्कि इसके अंदर कोई बड़ा राज दफन है। दिव्या का यह लुक दर्शकों में उत्सुकता और डर दोनों पैदा करता है, जिससे यह अटकलें तेज हो गई हैं कि वह किसी आत्मा के रूप में नजर आ सकती हैं। दिव्या अग्रवाल बिग बॉस ओटीटी और एमटीवी एसीई ऑफ स्पेस जीतने के बाद इस फिल्म के जरिए बॉलीवुड में अपना डेब्यू कर रही हैं। दर्शक उन्हें पहली बार बड़े पर्दे पर एक दमदार और अनोखी भूमिका में देखने को लेकर उत्साहित हैं। वहीं, फिल्म की कहानी के बारे में मेकर्स ने फिलहाल किसी खास जानकारी का खुलासा नहीं किया है। इस रहस्यात्मक चुप्पी ने पोस्टर की चर्चा को और गर्म कर दिया है क्या दी वार्डरोब में दिव्या का किरदार सच में किसी भूत का है या फिर कहानी में कोई ऐसा ट्विस्ट है जो फिल्म देखने के बाद ही सामने आएगा? फिल्म का निर्माण ज्योति राज गवली ने किया है और सह-निर्माता राज गवली हैं। यह सुपरनैचुरल थ्रिलर 24 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। सुदामा/ईएमएस 22 फरवरी 2026