मनोरंजन
22-Feb-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड फिल्ममेकर अनुराग कश्यप अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘केनेडी’ की रिलीज की तैयारियों में व्यस्त हैं, जिसका फैंस लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। इसी बीच अनुराग ने अपने करियर से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा किया, जिसमें एक ऐसे एक्टर का नाम शामिल है जिसने एक साधारण ‘चलने वाले’ सीन के लिए इतने रीटेक लिए कि निर्देशक का गुस्सा फूट पड़ा। एक इंटरव्यू में अनुराग कश्यप से पूछा गया कि क्या कभी शूटिंग के दौरान उन्हें किसी एक्टर के साथ फंसा हुआ महसूस हुआ है। इस पर उन्होंने बिना संकोच कहा “हां, बिल्कुल।” इसके बाद उन्होंने उस वाकये के बारे में खुलकर बताया। अनुराग के मुताबिक, एक बार एक एक्टर बार-बार सीधे चलने वाले एक सामान्य सीन को बिगाड़ रहा था। सीन में उसे बस एक तंग जगह के पीछे से निकलना था, लेकिन उसका हाथ-पैर इतना असंतुलित था कि हर बार कुछ न कुछ गिरा देता। कभी उसके हाथ से बोतल गिर जाती, तो कभी शरीर का बैलेंस बिगड़ जाता। कई टेक लेने के बाद भी वह सीन सही नहीं हो पा रहा था। अनुराग बताते हैं कि इस स्थिति ने उन्हें इतना परेशान कर दिया कि उन्होंने सख्त कदम उठाने का फैसला किया। उन्होंने चॉक उठाकर दीवार और एक्टर के पास की जगह पर निशान बना दिए और चेतावनी दी “अगर चॉक का निशान तेरी बॉडी पर दिखा, तो समझ लेना तुम फिल्म से रिप्लेस कर दिए जाओगे।” यह बात हंसी-मजाक में सुनने में लगे, लेकिन उस वक्त निर्देशक की झुंझलाहट साफ दिखाई दे रही थी। अनुराग कश्यप की बातों से यह साफ जाहिर होता है कि निर्देशक के लिए सेट पर अनुशासन और परफॉर्मेंस कितनी महत्वपूर्ण होती है। जहां वे कलाकारों को पूरा स्पेस देते हैं, वहीं जरूरत पड़ने पर सख्ती दिखाना भी जानते हैं। फिल्म ‘केनेडी’ की बात करें तो अनुराग की पिछली डायरेक्टोरियल फिल्म ‘निशानची’ के बाद यह उनकी अगली बड़ी रिलीज है। 2023 में कान्स फिल्म फेस्टिवल में इसका प्रीमियर हुआ था, जहां इसे सात मिनट तक स्टैंडिंग ओवेशन मिला। इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न और जियो एमएएमआई फिल्म फेस्टिवल में भी इसे बेहतरीन रिस्पॉन्स मिला। प्रोडक्शन हिचकियों के चलते इसकी रिलीज लंबे समय से अटकी हुई थी, लेकिन अब राहुल भट्ट और सनी लियोनी स्टारर ‘केनेडी’ 20 फरवरी को जी-5 पर रिलीज होने जा रही है। बता दें कि अनुराग कश्यप अपनी अनोखी और दमदार फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। उनकी फिल्मों का विषय हमेशा कुछ अलग होता है, जिसके कारण वे लगातार सुर्खियों में रहते हैं। कभी उनकी फिल्मों की कहानी चर्चा का केंद्र बनती है, तो कभी वही कहानियां विवादों में घिर जाती हैं। सुदामा/ईएमएस 22 फरवरी 2026