-यह केंद्र करीब 900 वर्ग मीटर क्षेत्र में हट के आकार में किया जा रहा विकसित हल्द्वानी,(ईएमएस)। नीब करौली बाबा की तपोभूमि कैंची धाम में आने वाले श्रद्धालुओं को अब ध्यान और साधना के लिए मंदिर परिसर से लगी पर्यटन विभाग की भूमि पर मेडिटेशन सेंटर का निर्माण किया जा रहा है, यहां भक्त शांत वातावरण में बैठकर ध्यान कर सकेंगे। मेडिटेशन सेंटर का निर्माण लोक निर्माण विभाग द्वारा किया जा रहा है। यह केंद्र करीब 900 वर्ग मीटर क्षेत्र में बनाया जा रहा है और इसे हट के आकार में विकसित किया जा रहा है, ताकि प्राकृतिक और आध्यात्मिक वातावरण बना रहे। इस केंद्र में करीब 30 श्रद्धालु बैठकर ध्यान कर सकेंगे। इसका डिजाइन इस तरह से तैयार किया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को एकाग्रता और शांति का अनुभव मिल सके। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक कैंची धाम में हर साल लाखों श्रद्धालु बाबा के दर्शन करने आते हैं। इनमें बड़ी संख्या ऐसे भक्तों की होती है, जो मंदिर में ध्यान और साधना करना चाहते हैं, लेकिन अभी तक इसके लिए कोई स्थान नहीं था। श्रद्धालु मंदिर परिसर, पेड़ों के नीचे या आसपास के स्थानों पर बैठकर ध्यान करते हैं, जिससे उन्हें व्यवस्थित और शांत वातावरण नहीं मिल पाता था। कई बार भीड़ और आवाजाही के कारण ध्यान में भी बाधा आती है। मेडिटेशन सेंटर बनने के बाद श्रद्धालुओं को ध्यान और साधना के लिए अलग और शांत स्थान मिलेगा। कैंची धाम में श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए डिस्पेंसरी, पाथवे, हाईटेक शौचालय और पुलिस चौकी का भी निर्माण किया जा रहा है। सिराज/ईएमएस 22 फरवरी 2026