अंतर्राष्ट्रीय
22-Feb-2026
...


नॉर्थ वेल्स (ईएमएस)। ब्रिटेन के एक प्रेमी को अपनी प्रेमिका के एक अन्य पुलिसकर्मी के साथ अवैध संबंधों को बारे में पता चला तो उसकी जिंदगी में भूचाल आ गया। ब्रिटेन के नॉर्थ वेल्स में रहने वाले डिटेक्टिव एंड्रू फियरॉन की मंगेतर और सहकर्मी रेबेका हट का एक पुलिसकर्मी के साथ अफेयर न सिर्फ उनसे छुपाया गया बल्कि पूरा पुलिस विभाग इसे दबाने में शामिल रहा। अब फियरॉन ने पूरे नॉर्थ वेल्स पुलिस विभाग के खिलाफ कानूनी लड़ाई छेड़ दी है। रिपोर्ट के अनुसार, एंड्रू फियरॉन और रेबेका हट दोनों डिटेक्टिव कॉन्स्टेबल थे और 2018 में शादी की योजना बना चुके थे। फियरॉन का दावा है कि रेबेका ने स्वीकार किया था कि उनका रिश्ता उसी पुलिस स्टेशन के डिटेक्टिव कॉन्स्टेबल शॉन पैरी के साथ चल रहा है, जहां वह काम करती थीं। फियरॉन ने इस मामले में आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई, यह कहते हुए कि रिश्ता पुलिस स्टेशन में ही शुरू हुआ था। कोर्ट दस्तावेज़ों में उन्होंने आरोप लगाया कि शॉन पैरी महिलाओं के प्रति गलत व्यवहार करने वाला व्यक्ति है और कई सहकर्मियों ने उसे कार्रवाई से बचाने की कोशिश की। उस पर दुर्व्यवहार के आरोपों की जांच भी ठीक से नहीं हुई और उसे कार्रवाई के बजाय दूसरे स्टेशन भेज दिया गया। बाद में 2019 में एक और शिकायत के बाद पैरी को नौकरी से निकाल दिया गया। फियरॉन का कहना है कि इस पूरे घटनाक्रम ने उन्हें मानसिक रूप से तोड़ दिया। तनाव और दुख की वजह से उन्होंने चार महीनों की छुट्टी ली। उन्होंने रेबेका पर घरेलू हिंसा, धोखाधड़ी और नियंत्रित करने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए। मामले की जांच डिटेक्टिव सुप्रिटेंडेंट स्टीव विलियम्स को सौंपी गई, जिन्होंने रेबेका के खिलाफ कोई कड़ी कार्रवाई करने की जरूरत नहीं समझी और उन्हें नौकरी पर वापस लौटा दिया। लेकिन अब फियरॉन का आरोप है कि विलियम्स खुद उस समय रेबेका के साथ रिश्ते में थे जब वे केस की जांच कर रहे थे। फियरॉन का कहना है कि वरिष्ठता का फायदा उठाकर विलियम्स ने रेबेका को बचाया। बाद में 2022 में विलियम्स और रेबेका ने शादी कर ली। फियरॉन का दावा है कि जब उन्होंने विलियम्स के खिलाफ कार्रवाई की मांग की, तो उन्हें उसी शाम पुलिस स्टेशन में एंट्री से रोक दिया गया। बाहरी एजेंसी से जांच करवाने का अनुरोध भी ठुकरा दिया गया, जिसके बाद उन्होंने नौकरी छोड़ दी। फियरॉन अब लगभग 4 करोड़ रुपये के मुआवजे की मांग कर रहे हैं। सुदामा/ईएमएस 22 फरवरी 2026