राष्ट्रीय
22-Feb-2026


तरन तारन,(ईएमएस)। तरन तारन के गांव ठठिया महंता के सरपंच गुरबिंदर सिंह की हत्या के मामले में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। बुधवार को एक विवाह समारोह के दौरान सिंधु फार्म में घुसकर सरपंच की बेरहमी से हत्या करने वाले शूटरों के साथ पुलिस की मुठभेड़ हो गई। कस्बा नौशहरा पन्नूआं के समीप हुई इस गोलाबारी में दो शूटर घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र लांबा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सरपंच हत्याकांड की जांच के दौरान चार संदिग्धों के नाम सामने आए थे। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इनमें से एक मुख्य शूटर शरणप्रीत सिंह अपने साथी हरदीप सिंह के साथ बाइक पर सवार होकर किसी नई वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस और एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स की संयुक्त टीम ने इलाके में घेराबंदी कर नाकाबंदी कर दी। चेकिंग के दौरान जब पुलिस ने बाइक सवारों को रुकने का इशारा किया, तो आरोपियों ने समर्पण करने के बजाय पुलिस पार्टी पर गोलियां चला दीं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें दोनों शूटर पैर में गोली लगने से घायल हो गए। पकड़े गए आरोपियों की पहचान शरणप्रीत सिंह और हरदीप सिंह निवासी चोहला साहिब के रूप में हुई है। एसएसपी के मुताबिक, शरणप्रीत उन तीन मुख्य शूटरों में शामिल था जिन्होंने सरपंच पर सीधे गोलियां बरसाई थीं। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि पकड़े गए आरोपी विदेश में बैठे वांछित अपराधियों लखबीर सिंह हरिके और सत्ता नौशहरा के करीबी साथी हैं। गौरतलब है कि सरपंच की हत्या के तुरंत बाद इन दोनों गैंगस्टरों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर इस हत्याकांड की जिम्मेदारी ली थी। पुलिस अब इन शूटरों से पूछताछ कर रही है ताकि इस साजिश में शामिल अन्य फरार आरोपियों और मास्टरमाइंड तक पहुँचा जा सके। वीरेंद्र/ईएमएस/22फरवरी2026