क्षेत्रीय
22-Feb-2026


आधी रात को दर्जनभर से अधिक नकाबपोश बदमाशों ने मचाया आतंक, घटना के १२ घंटे बाद भी खाली हैं पुलिस के हाथ छिंदवाड़ा जबलपुर (ईएमएस)। पड़ोसी जिले पांढुुर्णा के रिहायशी कॉलोनी में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात दर्जनभर से अधिक नकाबपोश डकैतों ने तीन घरों में घुसकर लाखों रुपयों के सोने, चांदी के आभूषण तथा नगद राशि लूट ले गए। बताया जा रहा है कि संतोषी माता वार्ड और सांई धाम कॉलोनी के पांच घरों में शनिवार आधी रात दर्जनभर से अधिक नकाबपोश बदमाशों ने गु्रप बनाकर एक साथ पांच घरों के दरवाजे खटखटाए और जैसे ही दरवाजा खुला इन बदमाशों ने दरवाजा खोलने वाले के साथ मारपीट की और घर के अन्य सदस्यों को हथियारों के दम पर बंधक बना लिया और घरों से लाखों रूपए के सोने, चांदी के आभूषणों के साथ नकद राशी लेकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही घटनास्थल पहुंची पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसी कैमरों की मदद से इन डकैतों की पहचान कर उनकी तलाश में जुट गई है। वहीं इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। मिली जानकारी अनुसार नगर के संतोषी माता वार्ड निवासी कंचन पति सुनील कौशिक, सुनील पिता नेमालाल यदुवंशी, साई धाम कालोनी निवासी अमित पिता शिवलाल डोंगरे, संदीप नरोलिया के घर में बीते शनिवार रविवार की दरमियानी रात लगभग 1.30 बजे से लेकर 2.45 बजे के मध्य लगभग एक दर्जन से अधिक नकाबपोश डकैतों ने धारदार हथियार, लोहे की रौड सहित घरों में प्रवेश कर घर में सो रहे लोगों को बंधक बनाकर महिलाओं, पुरुषों द्वारा पहने सोने चांदी के बर्तनों के साथ ही अलमारियों में रखे सोने चांदी के बर्तन लूट लिए, हथियारबंद डकैतों को देख यह सभी इतने अधिक सहमें की डकैतों के इनके घर से भागने के लगभग आधे घंटे बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। इन रिहायशी क्षेत्रों में इस तरह डकैती की घटना से पूरे जिलेवासी सहमें हुए हैं। इधर पुलिस रविवार पूरे दिन एफएसएल और डॉग स्क्वाड के माध्यम से बदमाशों की तलाश की जाती रही, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। घर का दरवाजा तोडक़र वारदात शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब डेढ़ बजे संतोषी माता वार्ड में रहने वाले सुनील यदुवंशी के घर का आधी रात को नकाबपोशों ने दरवाजा खटखटाया और जब दरवाजा नहीं खुला तो बदमाशों ने उनके घर का दरवाजा ही तोड़ दिया। पीडि़त सुनील यदुवंशी ने बताया कि इसके बाद भीतर घुसे नकाबपोशों ने उनके पैर पर सरिया मार कर घायल कर दिया और उनकी पत्नी से पहले हुए सोने, चांदी के आभूषण नकाबपोशों ने अपने हाथों से खोलकर झुमके कब्जे में लिए। सुनील यदुवंशी के मुताबिक गले हार, मंगलसूत्र, पायल, पैर पट्टी तथा कान के झुमके नकाबपोश ले गए। साईधाम में बैंक मैनेजर के घर दूसरी वारदात संतोषी माता वार्ड में आतंक मचाने के बाद यही बदमाश नकाबपोशों ने नागपुर रोड स्थित साइंर्धाम कालोनी में भी जमकर लूटपाट मचाई। कालोनी में किराए के मकान में रहने वाले महाराष्ट्र बैंक शाखा सिवनी के मैनेजर संदीप नरोलिया के फ्लैट का दरवाजा तोडक़र नकाबपोशों ने नकदी पर हाथ साफ किया। घटना के समय बैंक मैनेजर संदीप नरोलिया और उनका परिवार घर में मौजूद नहीं था। इसके चलते यह पता नहीं चल सका की बदमाशों ने यहां से कितने का माल समेट ले गए। साईधाम में तीसरी वारदात साईधाम कालोनी निवासी अमित डोंगरे के मकान का मुख्यद्वार नकाबपोशों द्वारा तोडऩे का प्रयास किया गया। लेकिन इनके परिवार के सभी सदस्यों ने भीतर से मुख्यद्वार को जोरों से पकड़ रखा था और चीख पुकार मचा रहे थे। नकाबपोशों ने इनके घर के खिडक़ी तोडक़र भीतर घुसने का प्रयास किया। लेकिन परिवार के जागने और शोर मचाने पर बदमाश भाग गए। इस दौरान कुंठा बाई ने बहादुरी दिखाते हुए चोरों को घर में घुसने से रोका। परिजनों का जोरदार विरोध देखकर नकाबपोश यहां से बैरंग लौट गए। इनका कहना है... घटना को अंजाम देने वाले नकाबपोशों को पकडऩे के लिए पुलिस क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। इसके अलावा आरोपियों को पकडऩे के लिए टीम आसपास भेजी गई है। जल्द ही आरोपी पुलिस की पकड़ में होंगे। अजय मरकाम थाना प्रभारी पांढुर्णा ईएमएस / 22/02/2026