कॉम्बिंग गश्त : आरक्षकों से लेकर टीआई, एसडीओपी स्तर तक के अधिकारी शहर की गलियों में सक्रिय रहे छिंदवाड़ा जबलपुर (ईएमएस)। अपराधों पर लगाम कसने और अपराधियों पर नियंत्रण रखने के लिए एसपी अजय पांडे और एएसपी आशीष खरे के निर्देश पर शनिवार की रात जिलेभर में पुलिस कर्मियों ने कॉम्बिंग गश्त की। इस दौरान आरक्षकों से लेकर टीआई, एसडीओपी स्तर तक के अधिकारी कर्मचारी रातभर शहर की गलियों में सक्रिय रहे और अपराधियों तथा वारंटियों की धरपकड़ करते रहे। इस दौरान पुलिस ने जिले के २३ स्थायी व ९९ गिरफ्तारी सहित कुल १२२ वारंटियों को गिरफ्तार किया। वहीं ११३ गुंडा, ७५ निगरानी, जिला बदर के ०१ आरोपियों और ४० कबाडिय़ों की चैकिंग की गई इसके अलावा अवैध शराब की तस्करी और खुले में शराब पीने वाले करने वाले २६ व्यक्तियों से २०० लीटर शराब जब्त कर उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। इसी तरह ११ गुम इंसान को दस्तयाब किया गया। एसपी पांडे के नेतृत्व में शनिवार की रात शहर व देहात के थाना क्षेत्रो पर कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान कॉम्बिंग गस्त अनुभागवार पुलिस बल को अलग-अलग स्थानों पर एकत्रित किया जाकर राजपत्रित अधिकारियों द्वारा पुलिस बल को ब्रीफ किया गया उसके बाद अलग-अलग क्षेत्रों में कॉम्बिंग गस्त के लिये रवाना किया गया। कुंडीपुरा में सर्वाधिक वारंट तामील कॉम्बिंग गश्त के दौरान छिंदवाड़ा अनुभाग में सबसे ज्यादा वारंट तामील कुंडीपुरा पुलिस ने की। उन्होंने ६ स्थाई, १२ गिरफ्तारी सहित कुल १८ वारंटियों को गिरफ्तार किया। इसी तरह कोतवाली पुलिस ने ०२ स्थाई १५ गिरफ्तारी सहित कुल १७ वारंटियों को गिरफ्तार किया। वहीं चौरई पुलिस ने ४ स्थाई ११ गिरफ्तारी सहित १५ वारंटियों को पकड़ा। पुलिस कप्तान द्वारा सबसे अधिक वारंट तामीली करने वाली पुलिस टीम को पुरूष्कृत करने की घोषणा की है। हिस्ट्रीशीटर बदमाशों के रिकार्ड किए अपडेट पुलिस टीमों द्वारा इस अभियान के दौरान कई सक्रिय बदमाशों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्यवाही भी की गई साथ ही गुण्डों एवं हिस्ट्रीशीटरों के रिकार्ड को अपडेट किया गया। शहर व देहात क्षेत्र की गली मोहल्लो में घूमकर पुलिस ने गुण्डे बदमाश, जेल से रिहा आरोपियो के घर-घर जाकर उनकी जानकारी ली और उन्हें चेतावनी देते हुए उनकी धरपकड़ की। पुलिस कप्तान अजय पांडे द्वारा जिले में कानून व्यवस्था बनाये रखने के उद्देश्य से यह कॉम्बिंग ऑपरेशन आगे भी जारी रहेगा। ईएमएस / 22/02/2026