जुन्नारदेव जबलपुर (ईएमएस)। क्षेत्र में युवती के साथ दुष्कर्म के आरोप में दर्ज प्रकरण में पुलिस ने आरोपी को देर रात गिरफ्तार कर लिया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(1), 351(3) तथा एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(1) और 3(1)(2)(द्बद्ब) के तहत पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पीडि़ता अपने भाई के साथ गेहूं पिसाने के लिए आई थी। आरोप है कि आरोपी ने मदद करने का बहाना बनाकर उसे अपने साथ ले गया और जंगल की ओर ले जाकर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। घटना 21 फरवरी 2026 की शाम लगभग 7.30 बजे से 8.05 बजे के बीच लोधेश्वर मंदिर के पास की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि पीडि़ता ने घर पहुंचकर अपने भाई को पूरी आपबीती सुनाई। वहीं, शिकायत के अनुसार देर रात कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा परिवार को रिपोर्ट दर्ज न कराने को लेकर धमकाने का भी प्रयास किया गया। इसके बावजूद परिजनों ने साहस दिखाते हुए थाना दमुआ में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने तत्काल प्रकरण कायम कर जांच प्रारंभ की। प्रकरण में आरोपी के रूप में ऋषभ सूर्यवंशी (25वर्ष), निवासी घोड़ावाड़ी का नाम सामने आया था। आरोपी का नाम पुलिस थाना दमुआ की गुंडा सूची में दर्ज बताया गया है तथा उसके विरुद्ध पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज रहे हैं। घटना के बाद से वह फरार चल रहा था। थाना प्रभारी प्रमोद सिरसाम ने बताया कि पुलिस टीम द्वारा लगातार दबिश दी जा रही थी। तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर सूचना के आधार पर देर रात आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। इस कार्रवाई में डुंगरिया चौकी प्रभारी अंजना मरावी की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। ईएमएस / 22/02/2026