क्षेत्रीय
22-Feb-2026


छिंदवाड़ा जबलपुर (ईएमएस)। बीते २४ घंटे के दौरान तीन अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई। पूरे मामले में पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है। पहला मामला चांद के कौआखेड़ा का है। यहां रहने वाले एक महिला की सडक़ हादसे में जान चली गई। पुलिस ने बताया कि यहां रहने वाली सुमन पति धर्मेन्द्र परते (२३) अपने पति और सास के साथ बाइक पर सवार होकर नागपुर जा रहे थे। इसी दौरान सभी लोग कुछ देर के लिए शहपुरा के पास रूके थे। इस बीच सडक़ पार कर रही सुमन परते को विपरीत दिशा से आ रहे बाइक सवार ने टक्कर मार दी। हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं थीं। उपचार के लिए उसे जिला अस्पताल लाया गया। जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है। नदी में उतरे किसान की करंट से मौत दूसरा मामला परासिया के बिजोरी फुल्ला गांव का है। यहां पेंच नदी से मोटर पंप से सिंचाई कर रहे किसान की करंट लगने से मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि शनिवार को किसान सुरेन्द्र सूर्यवंशी पिता विजय सूर्यवंशी (26) नदी में मोटर पंप लगाकर सिंचाई कर रहा था। अचानक मोटर पंप के बंद हो जाने पर किसान मोटर सुधारने के लिए नदी में उतरा लेकिन पानी में करंट फैलने से चपेट में आने पर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि फसलों की सिंचाई के लिए पेंच नदी में कई किसानों ने अवैध रूप से मोटर पंप लगा रखे हैं। जहर से अधेड़ की मौत तीसरा मामला कुंडीपुरा थाने की धरमटेकरी चौकी क्षेत्र का है। यहां रहने वाले एक अधेड़ की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि यहां रहने वाला पवन पिता गुलाब कोलारे (५७) ने अज्ञात कारणों के चलते जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। ईएमएस / 22/02/2026