क्षेत्रीय
23-Feb-2026
...


- बस ऑपरेटरों की सीधी चेतावनी सागर (ईएमएस)। मध्यप्रदेश में नई परिवहन नीति को लेकर बस ऑपरेटरों और राज्य सरकार के बीच टकराव तेज हो गया है। प्रदेशभर के बस संचालकों ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए सख्त चेतावनी दी है। मध्यप्रदेश के 55 जिलों के बस ऑपरेटरों का एक बड़ा सम्मेलन सागर के बंडा रोड स्थित साईं की रसोई, केरबना में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व मध्यप्रदेश बस आर्नस ने किया, जबकि आयोजन की जिम्मेदारी सागर जिला बस ऑपरेटर एसोसिएशन ने संभाली। सम्मेलन में प्रदेशभर से आए बस एसोसिएशन के पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों ने भाग लिया। वक्ताओं ने राज्य सरकार की नई परिवहन नीति को बस ऑपरेटरों के लिए नुकसानदायक बताते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की। उनका कहना है कि लगातार बढ़ते कर, परमिट संबंधी जटिलताएं और प्रशासनिक दबाव से बस संचालकों का आर्थिक शोषण हो रहा है। बस ऑपरेटरों ने साफ चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं तो 2 मार्च से पूरे प्रदेश में यात्री बसों के पहिए थाम दिए जाएंगे। इस संभावित हड़ताल से आम यात्रियों को बड़ी असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। सम्मेलन में यह भी निर्णय लिया गया कि प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार सभी 55 जिलों में कलेक्टर और परिवहन अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर प्रशासन को अल्टीमेटम दिया जाएगा। अब देखने वाली बात यह होगी कि सरकार इस चेतावनी को कितना गंभीरता से लेती है और क्या 2 मार्च से पहले कोई समाधान निकल पाता है या नहीं। निखिल सोधिया/ईएमएस/23/02/2026