23-Feb-2026
...


- सरकार के पास कोई उपलब्धि नहीं, बजट से उम्मीद कम रायपुर(ईएमएस)। छत्तीसगढ़ विधानसभा में बजट पेश होने से एक दिन पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने वित्त मंत्री ओपी चौधरी के प्रस्तावित बजट को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। मीडिया से चर्चा में भूपेश बघेल ने कहा कि राज्यपाल के अभिभाषण के ठीक दूसरे दिन बजट पेश करना उसकी गरिमा को कम करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के पास कोई ठोस उपलब्धि नहीं है और इसी वजह से बजट को लेकर जनता में कोई उत्साह नहीं है। उन्होंने कहा यह थकी और झुकी सरकार है। इस बार भी बजट से कोई खास उम्मीद नहीं है। गलगोटियास यूनिवर्सिटी में कथित चीनी रोबोट विवाद का जिक्र करते हुए बघेल ने कहा कि देशभर में अलग-अलग मुद्दों को लेकर अनावश्यक बहस छेड़ी जा रही है। उन्होंने केंद्र सरकार और भाजपा पर राजनीतिक दोहरापन अपनाने का आरोप भी लगाया। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि कुछ राष्ट्रीय नेताओं के बयानों पर भाजपा चुप रहती है, जबकि अन्य मामलों में आक्रामक रुख अपनाती है। होली के दिन शराब दुकानें खुली रखने के सवाल पर मंत्री रामविचार नेताम पर निशाना साधते हुए बघेल ने कहा कि ऐसे फैसले सामाजिक संदेश पर असर डालते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार देश की छवि को नुकसान पहुंचा रही है। छत्तीसगढ़ से राज्यसभा के संभावित नामों को लेकर पूछे गए सवाल पर बघेल ने कहा कि अंतिम निर्णय पार्टी हाईकमान करेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी नामों का प्रस्ताव भेजेगी और अन्य साथियों को भी अवसर मिलना चाहिए। सत्यप्रकाश(ईएमएस)23 फरवरी 2026