गुना (ईएमएस)। शासन के निर्देशानुसार नगर पालिका परिषद और स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वाधान में गुना शहर के सफाई मित्रों के कल्याण हेतु विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविरों का आयोजन किया गया। यह शिविर शहर के नानाखेड़ी, कोल्हुपुरा, बूढ़े बालाजी, कुश्मोदा, हड्डी मिल और केंट स्थित मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिकों पर आयोजित किए गए, जिसमें सहयोगी संस्था सिद्धिविनायक वेस्ट मैनेजमेंट का विशेष सहयोग रहा। शिविर के दौरान 91 स्वच्छता कर्मियों (65 पुरुष एवं 26 महिला) का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इसमें उच्च रक्तचाप (BP), मधुमेह (Diabetes) और मुख कैंसर की जाँच के साथ-साथ लंबाई व वजन के आधार पर बीएमआई (BMI) की गणना की गई। जाँच रिपोर्ट के अनुसार 11 कर्मियों में उच्च रक्तचाप की पुष्टि हुई, जबकि किसी में भी मधुमेह या कैंसर के लक्षण नहीं पाए गए। परियोजना अधिकारी संजय श्रीवास्तव, डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी सीएमओ सुश्री मंजूषा खत्री, सहायक परियोजना अधिकारी तेज सिंह यादव और पार्षद ओमप्रकाश कुशवाह ने केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने स्वयं भी अपनी स्वास्थ्य जाँच करवाई। सुश्री मंजूषा खत्री ने स्वास्थ्य विभाग के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वच्छता कर्मियों का स्वास्थ्य निकाय की प्राथमिकता है। - सीताराम नाटानी