क्षेत्रीय
23-Feb-2026
...


गुना (ईएमएस)। जिले के म्याना थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दुनाई से रविवार दोपहर से लापता 55 वर्षीय हरिराम कुशवाह का शव सोमवार को जंगल में संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी पर लटका मिला। मृतक मकान बनाने का काम करते थे और मजदूरी से जुड़ेे थे। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है, वहीं परिजनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए हत्या की आशंका जताई है। 24 घंटे से चल रही थी तलाश परिजनों के अनुसार, हरिराम कुशवाह रविवार दोपहर करीब 12 बजे घर से यह कहकर निकले थे कि उन्हें कुछ लोगों ने बुलाया है। जब वे देर शाम तक वापस नहीं लौटे, तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी और स्वयं भी ग्रामीणों के साथ सर्चिंग शुरू की। मृतक के बेटे का आरोप है कि उन्होंने म्याना और कैंट दोनों थानों से मदद मांगी, लेकिन उन्हें उचित सहयोग नहीं मिला। सोमवार दोपहर करीब 3 बजे भदौरा के पास केदारनाथ रोड स्थित चीरा घाट के जंगल में हरिराम का शव एक पेड़ पर तौलिया के फंदे से लटका मिला। परिजनों ने उठाए सवाल मृतक के परिवार ने इस मामले में हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि हरिराम जिन लोगों का नाम लेकर घर से निकले थे, उनकी भूमिका की जांच होनी चाहिए। घटना की सूचना मिलने पर म्याना थाना पुलिस ने मौके पर पहुँचकर शव को फंदे से नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल गुना भेज दिया है। मृतक अपने पीछे दो बेटे और दो बेटियां छोड़ गए हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर मामले की बारीकी से जांच कर रही है।- सीताराम नाटानी