- नेशनल डिजिटल लाइव स्टॉक मिशन की जिला स्तरीय समिति की बैठक में कलेक्टर ने दिए निर्देश ग्वालियर ( ईएमएस ) | सभी एसडीएम अपने-अपने क्षेत्र में पशु चिकित्सकों, विभाग के मैदानी अधिकारियों (एवीएफओ) एवं गौ-मित्रों की बैठक लेकर विभागीय योजनाओं को गति दिलाएं। साथ ही जो मैदानी अधिकारी काम में रुचि नहीं ले रहे हैं उनके खिलाफ कार्रवाई प्रस्तावित करें। यह निर्देश कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने नेशनल डिजिटल लाइव स्टॉक मिशन के क्रियान्वयन के लिये गठित जिला स्तरीय समिति की बैठक में दिए। सोमवार को कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित हुई बैठक में कलेक्टर श्रीमती चौहान ने आचार्य विद्यासागर गौ-संवर्धन योजना, मुख्यमंत्री डेयरी प्लस योजना, डॉ. भीमराव अम्बेडकर कामधेनु योजना एवं मुख्यमंत्री दुधारू पशु प्रदाय योजना सहित पशुपालन विभाग की अन्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने जिन सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारियों की प्रगति कम हैं उनका वेतन काटने के निर्देश भी उप संचालक पशुपालन को दिए। बैठक में अपर कलेक्टर कुमार सत्यम, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत एवं उप संचालक पशुपालन व डेयरी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।